नशे के खिलाफ कार्रवाई को और मजबूत बनाने के लिए दिल्ली पुलिस का प्रशिक्षण सत्र

WhatsApp Channel Join Now
नशे के खिलाफ कार्रवाई को और मजबूत बनाने के लिए दिल्ली पुलिस का प्रशिक्षण सत्र


नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने जांच अधिकारियों के लिए विशेष संयुक्त प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया। यह प्रशिक्षण 14 मार्च को पुलिस मुख्यालय स्थित आदर्श ऑडिटोरियम में हाइब्रिड मोड में आयोजित किया गया। जिसमें कुल 611 अधिकारियों ने भाग लिया।

इस प्रशिक्षण सत्र में 209 अधिकारी ऑडिटोरियम में उपस्थित रहे, जबकि 402 अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। प्रतिभागियों में उप निरीक्षक से लेकर सहायक पुलिस आयुक्त स्तर तक के अधिकारी, ड्यूटी ऑफिसर और एमएचसी (एम) शामिल थे।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस, विशेष रूप से क्राइम ब्रांच और एएनटीएफ नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस पॉलिसी” के तहत सख्त कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही जागरूकता, पुनर्वास और सामुदायिक सहभागिता जैसे पहलुओं पर भी बहुआयामी रणनीति के तहत काम किया जा रहा है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामलों की मजबूत जांच और ठोस साक्ष्यों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। खास तौर पर वाणिज्यिक मात्रा से जुड़े मामलों में वित्तीय जांच पर जोर दिया गया, ताकि मादक पदार्थ तस्करों की आर्थिक गतिविधियों पर प्रभावी प्रहार किया जा सके।

सत्र में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अधिनियम के तहत अधिक से अधिक निरोधात्मक कार्रवाई करने पर भी बल दिया गया। इसके अलावा एनसीबी द्वारा संचालित हेल्पलाइन 1933 के बारे में भी जानकारी दी गई, जिसके माध्यम से नागरिक गोपनीय रूप से नशे से संबंधित सूचनाएं दे सकते हैं और सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story