दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का लोगो, वेबसाइट और न्यूजलेटर लॉन्च

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का लोगो, वेबसाइट और न्यूजलेटर लॉन्च


दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का लोगो, वेबसाइट और न्यूजलेटर लॉन्च


दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का लोगो, वेबसाइट और न्यूजलेटर लॉन्च


नई दिल्ली, 21 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को नई दिशा देते हुए दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और न्यूज़लेटर लॉन्च किया गया। शुक्रवार को कनॉट प्लेस के इनर सर्कल स्थित दिल्ली पुलिस प्रदर्शनी हॉल के उद्घाटन समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने इनका औपचारिक शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा, विशेष आयुक्त (क्राइम) देवेश चंद्र श्रीवास्तव, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस पहल को नशे के खिलाफ जंग में एक महत्वपूर्ण और रणनीतिक कदम बताया गया।

शनिवार को पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस द्वारा जारी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्सका नया लोगो सतर्कता, ईमानदारी और मादक पदार्थों के खिलाफ अडिग संकल्प का प्रतीक है। लोगो में नशे के नेटवर्क के खिलाफ सशक्त और समन्वित कार्रवाई का संदेश निहित है। अधिकारियों के अनुसार, यह प्रतीक केवल एक चिन्ह नहीं, बल्कि नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में मिशन आधारित कार्यप्रणाली का प्रतिनिधित्व करता है।

वेबसाइट से अपराध नियंत्रण में मिलेगी मजबूती

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्सकी आधिकारिक वेबसाइट https://antf.delhipolice.gov.in को एक समर्पित डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह पोर्टल पारदर्शिता बढ़ाने, जनसंपर्क मजबूत करने और नागरिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभाएगा।

वेबसाइट के माध्यम से

-नारकोटिक्स अपराधों और अपराधियों से संबंधित जानकारी साझा की जाएगी।

-डाटा के आदान-प्रदान और ट्रैकिंग की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा।

-एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की पहल, जागरूकता अभियान और उपलब्धियों की जानकारी उपलब्ध होगी।

-पुनर्वास केंद्रों और कानूनी प्रावधानों से संबंधित विस्तृत विवरण दिया जाएगा।

-आम नागरिकों को सूचना देने और सहयोग करने का अवसर मिलेगा।

-अधिकारियों का कहना है कि इससे नारकोटिक्स अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में तेजी आएगी।

न्यूज़लेटर से मिलेगी नियमित जानकारी

इस अवसर पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का आधिकारिक न्यूज़लेटर भी जारी किया गया। यह संस्थागत संचार का माध्यम होगा, जिसमें—

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सफल अभियानों की जानकारी, महत्वपूर्ण गिरफ्तारियां और बरामदगी,जागरूकता कार्यक्रमों की रिपोर्ट,

नीति संबंधी अपडेट और प्रमुख उपलब्धियां शामिल की जाएंगी। पुलिस का मानना है कि यह प्रकाशन विभाग की पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत करेगा।

तकनीक और जनभागीदारी पर विशेष जोर

दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे की समस्या केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक चुनौती भी है। ऐसे में तकनीक के बेहतर उपयोग, अंतर-एजेंसी समन्वय और समाज की भागीदारी के जरिए इस पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का उद्देश्य न केवल तस्करों और सप्लाई चेन पर सख्त कार्रवाई करना है, बल्कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूकता और पुनर्वास पर भी समान रूप से ध्यान देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story