श्रमिकों को अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, सेवा उनके द्वार पहुंचेगी : रेखा गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now


श्रमिकों को अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, सेवा उनके द्वार पहुंचेगी : रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चार ‘मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ वैन को दिल्ली सचिवालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य श्रमिकों को सरकारी सेवाएं उनके कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों में उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें पंजीकरण और अन्य सेवाओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी दिहाड़ी का नुकसान भी न हो।

इस अवसर पर श्रम मंत्री कपिल मिश्रा और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के निर्माण और विकास में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार की जिम्मेदारी है कि उनके लिए उपलब्ध सुविधाएं उन तक पहुंचें। उन्होंने कहा, “श्रमिक भाई-बहन, अब कार्यालय नहीं, सेवा खुद उनके द्वार पहुंचेगी।”

उन्होंने बताया कि मोबाइल वैन के माध्यम से श्रमिकों का मौके पर पंजीकरण और पंजीकरण का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके अलावा सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित सहायता, डिजिटल सेवाओं तक पहुंच और विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन में मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

गुप्ता ने कहा कि पंजीकरण के अभाव में कई वास्तविक निर्माण श्रमिक सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी सुविधाओं का लाभ नहीं उठा पाते हैं। नई व्यवस्था के तहत श्रमिकों को अपने काम से समय निकालकर दूर स्थित सरकारी कार्यालयों में जाने की जरूरत कम होगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के प्रत्येक जिले में एक-एक मोबाइल वैन संचालित की जाएगी। कुल 13 वैन निर्माण स्थलों, लेबर चौक और उन स्थानों तक जाएंगी जहां निर्माण श्रमिक काम करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि श्रमिकों को सरल, सुलभ और सुविधाजनक तरीके से सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि ‘मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ की वैन सीधे श्रमिकों तक पहुंचेंगी और उन्हें कार्यस्थल के आसपास आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। उन्होंने कहा कि जानकारी या पंजीकरण के अभाव में श्रमिक सरकारी योजनाओं से वंचित न रहें, यही इस पहल का उद्देश्य है।

मिश्रा ने बताया कि मोबाइल वैन के जरिए नए श्रमिकों का पंजीकरण, पंजीकरण का नवीनीकरण और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन करने में सहायता दी जाएगी। साथ ही श्रमिकों को उपलब्ध योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी भी दी जाएगी।

दिल्ली सरकार के अनुसार, ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू किया गया है। इसके तहत सरकारी सेवाओं को लोगों तक सीधे पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story