दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दिन मेट्रो रात 12 बजे तक चलेगी
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के ऑरा इंडिया टूर 2026 कॉन्सर्ट में आने वाले दर्शकों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए शुक्रवार को रात 12 बजे तक बढ़ाई है। इसके तहत, सभी मेट्रो लाइनों (एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और रैपिड मेट्रो, गुरुग्राम को छोड़कर) पर मेट्रो ट्रेन सेवाओं को सामान्य समय से आगे तक कर रात 12 बजे तक किया जाएगा। यह जानकारी गुरुवार को विज्ञप्ति के जरिए दी गई।
डीएमआरसी की विज्ञप्ति के मुताबिक, शुक्रवार कॉन्सर्ट के दिन सभी लाइनों (एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को छोड़कर) पर मेट्रो सेवाओं को रात 12:00 बजे तक बढ़ाने की योजना बनाई है। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दर्शकों की भीड़ को आसानी से बाहर निकालने के लिए पूरे नेटवर्क पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। अगर यात्रियों की संख्या अचानक बहुत बढ़ जाती है, तो जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल के लिए अतिरिक्त ट्रेनें भी तैयार रखी जाएंगी। इसके अलावा, उस दिन सेवाओं का समय बढ़ने की वजह से डीएआरसी मोबाइल ऐप (दिल्ली मेट्रो सारथी) पर क्यूआप टिकट खरीदने का समय भी एक घंटे के लिए बढ़ा दिया जाएगा।
दर्शकों के आसानी से अंदर आने और बाहर निकलने को सुनिश्चित करने के लिए डीएमआरसी ने जेएलएन स्टेडियम मेट्रो स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण इंटरचेंज स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों का मार्गदर्शन करने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ, कस्टमर सर्विस कर्मचारी और कस्टमर फैसिलिटेशन एजेंट तैनात किए जाएंगे।
डीएमआरसी के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए जेएलएन स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे और सुरक्षा जांच के इंतजामों को और मजबूत किया जाएगा।
इस कॉन्सर्ट में लगभग 70,000 दर्शकों के जुटने की उम्मीद है, जिनमें से कई लोग कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के लिए दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल कर सकते हैं। वायलेट लाइन (कश्मीरी गेट - राजा नाहर सिंह कॉरिडोर) पर स्थित जेएलएन स्टेडियम मेट्रो स्टेशन, कार्यक्रम स्थल के सबसे करीब का मेट्रो स्टेशन है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

