दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड के पहले सीईओ बने संजय जमुआर, वैश्विक विस्तार की कमान संभालेंगे

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड के पहले सीईओ बने संजय जमुआर, वैश्विक विस्तार की कमान संभालेंगे


नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने अपने नए अंतरराष्ट्रीय उपक्रम दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड (डीएमआईएल) के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में संजय जमुआर की नियुक्ति की है। यह कंपनी देश और विदेश में दिल्ली से बाहर मेट्रो परियोजनाओं तथा ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस कार्यों को संभालने के लिए गठित की गई है।

डीएमआरसी ने रविवार को बताया कि, दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड को सरकार के सहयोग से स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य भारत के अन्य राज्यों और विदेशों में मेट्रो एवं ट्रांजिट सिस्टम से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाना है। कंपनी अन्य एजेंसियों और वित्तीय संस्थानों को सलाहकार सेवाएं भी उपलब्ध कराएगी, ताकि मेट्रो परियोजनाओं की दीर्घकालिक योजना, विकास और संचालन को बेहतर बनाया जा सके।

संजय जमुआर भारतीय रेलवे ट्रैफिक सेवा (आईआरटीएस) के पूर्व अधिकारी हैं और उन्हें भारतीय रेलवे, डीएमआरसी तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रिटेन, अमेरिका, फ्रांस, मध्य-पूर्व और यूरोप में काम करने का व्यापक अनुभव है। उन्होंने वारविक बिजनेस स्कूल, यूके से स्ट्रैटेजिक लीडरशिप में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है और लीड्स यूनिवर्सिटी में ट्रांसपोर्ट इकोनॉमिक्स पर शोध कार्य भी किया है।

वहीं वर्ष 1998 में जब संजय जमुआर डीएमआरसी से जुड़े थे, तब वह दिल्ली मेट्रो के पहले ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस कर्मचारी थे। ऐसे में उनकी वापसी को डीएमआरसी में ‘घर वापसी’ के रूप में देखा जा रहा है।

डीएमआरसी के प्रवक्ता अनुज दयाल ने बताया कि डीएमआरसी पहले से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी सेवाएं दे रहा है। निगम बांग्लादेश के ढाका मेट्रो प्रोजेक्ट में सलाहकार की भूमिका निभा रहा है। इसके अलावा चेन्नई, मुंबई और पटना मेट्रो परियोजनाओं के लिए महत्वपूर्ण अनुबंधों का संचालन भी डीएमआरसी के पास है। इतना ही नहीं, डीएमआरसीदेश के लगभग सभी प्रमुख मेट्रो प्रोजेक्ट्स में परामर्शदाता की भूमिका निभा चुका है और मुंबई, जयपुर तथा पटना मेट्रो के निर्माण कार्यों में भी भागीदारी कर चुका है।

डीएमआरसी का मानना है कि दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड के गठन और संजय जमुआर की नियुक्ति से वैश्विक स्तर पर संस्था की उपस्थिति और मजबूत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story