प्रवेश वाही होंगे दिल्ली के नए महापौर
नई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के महापौर पद के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी प्रवेश वाही ने एकतरफा जीत दर्ज की। रोहिणी पूर्व से पार्षद प्रवेश वाही को कुल 156 मत के मुकाबले कांग्रेस के उम्मीदवार हाजी मोहम्मद जरिफ को कुल 9 मत ही मिले। आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट हार को देखते हुए पहले ही चुनाव से किनारा कल लिया था। उप महापौर पद पर भी आनंद विहार से पार्षद मोनिका पंत निर्वाचित हुईं। उन्हें भी 156 मत प्राप्त हुए।
दिल्ली नगर निगम के महापौर, उप महापौर और स्थायी समितियों के अध्यक्ष के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया 23 अप्रैल को प्रारंभ हुई थी, भाजपा ने तीन बार के पार्षद (2007,2012 और 2022) प्रवेश वाही को अपना उम्मीदवार बनाया था उसी समय आम आदमी पार्टी से निगम चुनावों से दूरी बनाए रखने के निर्णय की घोषणा कर दी, तभी से यह साफ था कि भाजपा सभी सीटों पर आसानी से जीत जाएगी। 250 सदस्यीय निगम में बहुमत के लिए 137 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता होती है, भाजपा के निर्वाचित पार्षदों की संख्या 123 है जबकि आआपा के 100 पार्षद हैं। वहीं कांग्रेस के मात्र 09 पार्षद ही हैं। इसके साथ ही दिल्ली के सांसदों और विधायकों में से मनोनीत 14 सदस्य भी मतदान में हिस्सा लेते हैं। ऐसे में स्पष्ट हार देखने के बावजूद कांग्रेस ने महापौर और उप महापौर पद के लिए उम्मीदवार उतार कर मतदान की स्थिति पैदा की अन्यथा भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो सकते थे। बुधवार को हुए निर्वाचन में इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के 14 पार्षदों का समर्थन भी भाजपा को मिला।।
चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार हाजी मोहम्मद जरीफ को मात्र 9 वोट प्राप्त हुए।
महापौर पद पर निर्वाचित होने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रवेश वाही ने कहा कि वे पार्टी नेतृत्व, दिल्ली नेतृत्व, मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं के आभारी हैं जिन्होंने एक सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे और पार्टी की नीतियों व सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

