महापौर ने की ओखला लैंडफिल पर बायो-रिमेडिएशन कार्य की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने की ओखला लैंडफिल पर बायो-रिमेडिएशन कार्य की समीक्षा


नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने बुधवार को ओखला लैंडफिल साइट का दौरा कर चल रहे बायो-रिमेडिएशन और अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारियों ने महापौर प्रवेश वाही को बायोमाइनिंग गतिविधियों की वर्तमान स्थिति तथा लैंडफिल साइट पर चल रहे कार्यों के बारे में अवगत कराया।

महापौर ने ओखला लैंडफिल पर कूड़ा निस्तारण की प्रगति पर संतुष्टि व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान दिल्ली नगर निगम के आयुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त सतेंद्र सिंह दुर्सावत, प्रमुख अभियंता पीसी मीणा सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

महापौर ने कहा कि हम ओखला लैंडफिल साइट को कूड़ा मुक्त करने और कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने के लक्ष्य के बहुत नजदीक हैं। उन्होंने कूड़ा निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की और कूड़ा निस्तारण की गति पर संतुष्टि जाहिर की। उन्होंने बताया कि ओखला लैंडफिल साइट पर 23 एकड़ भूमि को कूड़ा मुक्त किया जा चुका है।

महापौर ने बताया कि ओखला लैंडफिल साइट पर जमा लिगेसी कचरे का निस्तारण लगभग एक हफ्ते में कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ओखला लैंडफिल साइट पर आने वाले नए कूड़े को भी दिसंबर 2026 तक निस्तारित कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story