महापौर ने स्वामी दयानंद अस्पताल में अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर ब्लॉक का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने स्वामी दयानंद अस्पताल में अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर ब्लॉक का किया उद्घाटन


नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। महापौर प्रवेश वाही ने शनिवार को स्वामी दयानंद अस्पताल में नवनिर्मित उन्नत ऑपरेशन थिएटर (ओटी) ब्लॉक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अस्पताल में दो अत्याधुनिक 4के लैप्रोस्कोपिक सर्जरी सिस्टम और आर्थोपेडिक एवं ट्रॉमा सर्जरी के लिए सी-आर्म (इमेज इंटेंसिफायर) मशीन का भी लोकार्पण किया गया। इस दाैरान स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा और नेता सदन जय भगवान यादव भी उपस्थित रहे।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, लगभग 1.70 करोड़ रुपये की लागत से दो 4के लैप्रोस्कोपिक सिस्टम और 35 लाख रुपये की लागत से सी-आर्म मशीन स्थापित की गई है। इन आधुनिक उपकरणों से अस्पताल में मरीजों को उच्च गुणवत्ता, सुरक्षित और अधिक सटीक सर्जिकल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

उद्घाटन अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम का लक्ष्य नागरिकों को बेहतर, सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इन अत्याधुनिक उपकरणों से न केवल सर्जरी की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि मरीजों के उपचार को भी अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाया जा सकेगा।

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का समावेश समय की आवश्यकता है और इससे मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलेंगी। नगर निगम जनस्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं, नेता सदन जय भगवान यादव ने इसे पूर्वी दिल्ली के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि अब लोगों को उच्चस्तरीय सर्जरी के लिए अन्य संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। अत्याधुनिक लैप्रोस्कोपिक एवं आर्थोपेडिक सुविधाओं के उपलब्ध होने से पूर्वी दिल्ली के लाखों नागरिकों को उच्चस्तरीय उपचार का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान महापौर ने नई चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

महापौर ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के मद्देनजर किया गया यह पौधारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित वातावरण भी उतना ही आवश्यक है।

इस अवसर पर शाहदरा उत्तरी क्षेत्र अध्यक्ष पुनीत शर्मा, क्षेत्रीय पार्षद वीर सिंह पंवार सहित निगमायुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, शाहदरा उत्तरी उपायुक्त ममता यादव, निदेशक अस्पताल प्रशासन डॉ. अनुज निरंजन माथुर तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story