मुखमेलपुर गांव में महापौर प्रवेश वाही ने सड़क का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
मुखमेलपुर गांव में महापौर प्रवेश वाही ने सड़क का किया उद्घाटन


नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने बुधवार को मुखमेलपुर गांव में सड़क का उद्घाटन किया। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे राजधानी में विकास कार्यों को गति मिल रही है। दिल्ली सरकार के सहयोग से कूड़े के पहाड़ों की ऊंचाई भी आधे से कम रह गई है और जल्द ही इन्हें पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने इंदौर, सिक्किम और गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि दिल्ली को भी स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाना है। इसके लिए जनता का सहयोग आवश्यक है। नागरिकों को स्वच्छता को अपनी आदत में शामिल करना होगा और कचरे का निस्तारण उसके स्रोत पर ही करना चाहिए। गीले कचरे को हरे तथा सूखे कचरे को नीले कूड़ेदान में डालना चाहिए। स्वच्छता से जुड़ी छोटी-छोटी आदतें अपनाकर दिल्ली को साफ-सुथरा और हरित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क के उद्घाटन पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई और गांव के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर भाजपा उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के जिलाध्यक्ष डॉ. यूके चौधरी, दिल्ली नगर निगम में मनोनीत सदस्य राजपाल राणा, उत्तरी क्षेत्र की उपायुक्त श्वेता नागरकोटी, स्थानीय नागरिक और निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story