महापौर ने स्वामी दयानंद अस्पताल में अत्याधुनिक एडवांस आई केयर सेंटर का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने स्वामी दयानंद अस्पताल में अत्याधुनिक एडवांस आई केयर सेंटर का किया उद्घाटन


नई दिल्ली, 25 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने शनिवार को स्वामी दयानंद अस्पताल के ओपीडी ब्लॉक में स्थापित एडवांस आई केयर सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल भी वहां उपस्थित रहें।

उल्लेखनीय है कि, यह केंद्र आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ सेवाओं से सुसज्जित है, जिससे पूर्वी दिल्ली सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को उच्चस्तरीय नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस दौरान महापौर ने अस्पताल के लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट एवं आईसीयू का निरीक्षण किया तथा यहां उपलब्ध अत्याधुनिक कंटीन्यूअस रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी (सीआरआरटी) मशीन की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली।

उल्लेखनीय है कि, इसके साथ ही अस्पताल में उच्चस्तरीय नेत्र चिकित्सा सुविधाओं के तहत एनडी याग लेज़र मशीन, ग्रीन लेजर मशीन तथा ऑप्टिकल कोहरेंस टोमोग्राफी (ओसीटी) मशीन ने कार्य करना प्रारंभ कर दिया है। ये मशीनें ग्लूकोमा एवं डायबिटिक रेटिनोपैथी जैसी गंभीर नेत्र रोगों की रोकथाम और दृष्टि सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

इस अवसर पर महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली के नागरिकों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वामी दयानंद अस्पताल में एडवांस आई केयर सेंटर की स्थापना इस दिशा में एक मजबूत कदम है। नगर निगम निरंतर प्रयास कर रहा हैं कि हर नागरिक को समय पर, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिले। आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञता के माध्यम से दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

महापौर ने कहा कि नगर निगम दिल्ली स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में और भी उन्नत सुविधाएं नागरिकों को प्रदान की जाएंगी।

स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। एडवांस आई केयर सेंटर जैसे अत्याधुनिक केंद्रों से आम जनता को अपने ही क्षेत्र में बेहतर उपचार मिलेगा, जिससे उन्हें बड़े अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि गर्मी और हीट वेव (लू) से बचाव हेतु समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने डायरिया से बचाव के लिए अस्पताल में ‘ओआरएस कॉर्नर’ स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि क्षेत्र की जनता को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं त्वरित रूप से उपलब्ध कराई जा सकें।

कार्यक्रम में उपायुक्त ममता यादव, शाहदरा उत्तरी क्षेत्र के चेयरमैन पुनीत शर्मा तथा स्थानीय पार्षद वीर सिंह पवार , निदेशक अस्पताल प्रशासन डॉ. राजेश कुमार बंसल उपस्थित रहे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story