महापौर ने सभी उपायुक्तों के साथ की बैठक, सफ़ाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने बुधवार को सभी जोनल उपायुक्तों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। जिसमे दिल्ली में सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना पर जोर दिया गया। बैठक में महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जोन अपने-अपने क्षेत्रों में सफ़ाई व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से और अधिक सुदृढ़ करें।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई जाती है, वहां संबंधित कूड़ा प्रबंधन प्राइवेट एजेंसी की जवाबदेही तय की जाए| उन्होंने विशेष रूप से ज़ोन के सभी संवेदनशील स्थानों (वल्नरेबल प्वाइंट्स) की पहचान कर वहां नियमित और विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि जोन के सेनेटरी सुपरवाइजर (एसएस) और असिस्टेंट सेनेटरी इंस्पेक्टर (एएसआई) फील्ड में सक्रिय रूप से मौजूद रहकर सफाई कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि जमीनी स्तर पर प्रभावी सुधार दिखाई दे।
सफाई कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए महापौर प्रवेश वाही ने एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा करते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों को प्रोत्साहन मिलेगा और सफाई व्यवस्था में और सुधार आएगा।
महापौर ने यह भी निर्देश दिया कि सभी सफ़ाई कर्मचारी अपनी वर्दी पहनकर कार्य करें, जिससे न केवल अनुशासन सुनिश्चित होगा बल्कि एमसीडी की सकारात्मक छवि भी मजबूत होगी।
महापौर ने कहा कि रेहड़ी-पटरी को भी जागरूक किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उनके ठेलों एवं दुकानों के आसपास सफाई बनी रहे तथा किसी भी प्रकार का कूड़ा न फैलाया जाए। बैठक में नालों की सफाई की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
प्रवेश वाही ने निर्देश दिए कि पीडब्ल्यूडी, दिल्ली जल बोर्ड सहित अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर नालों की सफ़ाई का कार्य अतिशीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि जलभराव की समस्या से समय रहते निपटा जा सके।
इसके अतिरिक्त महापौर ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और इस कार्य में दिल्ली पुलिस के सहयोग से प्रभावी अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही अवैध मीट की दुकानों और अवैध डेयरियों के खिलाफ़ भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाना निगम की पहली प्राथमिकता है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हम इस दिशा में मिशन मोड में कार्य करते हुए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूर्ण जवाबदेही, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करें, ताकि नागरिकों को साफ़-सुथरा और बेहतर वातावरण मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

