दिल्ली के उपराज्यपाल ने झंडेवाला मंदिर में की पूजा-अर्चना
नई दिल्ली, 26 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने चैत्र नवरात्रि के अवसर पर गुरुवार को झंडेवाला मंदिर में भगवती के कालरात्रि स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि नवरात्र के अवसर पर दिल्ली का यह ऐतिहासिक मंदिर हर रोज हजारों श्रद्धालुओं के आगमन का साक्षी बनता है। उन्होंने माता रानी से दिल्ली और देशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की है।
इससे पहले उपराज्यपाल ने सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, तपस्या और संयम का अद्वितीय उदाहरण है, जो हर युग में मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है।
उपराज्यपाल ने कहा कि मर्यादा और कर्तव्य के सर्वोच्च मानकों को स्थापित कर भगवान राम ने प्राचीन भारतीय संस्कृति को अद्वितीय आयाम दिए। आइए हम सभी प्रभु श्रीराम का नमन कर, एक सशक्त, समरस और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लें।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

