दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल संधू ने प्रधानमंत्री-गृह मंत्री का जताया आभार

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल संधू ने प्रधानमंत्री-गृह मंत्री का जताया आभार


नई दिल्ली, 06 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्लीवासियों की सेवा का अवसर प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार प्रकट किया है।

संधू ने सोशल मीडिया एक्स पर शुक्रवार को पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व और दूरदर्शी मार्गदर्शन सदैव प्रेरणा का स्रोत रहा है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विश्वास और मार्गदर्शन के लिए भी आभार व्यक्त किया। संधू ने कहा कि वह दिल्लीवासियों और राष्ट्र की सेवा समर्पण, निष्ठा और विनम्रता के साथ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति ने गुरुवार को विनय कुमार सक्सेना के स्थान पर वरिष्ठ राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त किया था। वे एक भारतीय राजनीतिज्ञ और भारतीय विदेश सेवा के सेवानिवृत्त राजनयिक हैं। उन्होंने श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त और अमेरिका में भारत के 28वें राजदूत के रूप में कार्य कर चुके हैं।

तरनजीत सिंह संधू का जन्म 23 जनवरी 1963 को पंजाब में हुआ। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा लॉरेंस स्कूल सनावर से पूरी की। उसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से इतिहास में बीए की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एमए की डिग्री हासिल की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story