दिल्ली के उपराज्यपाल से छत्तीसगढ़ के 65 युवा प्रतिभागियों के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली के उपराज्यपाल से छत्तीसगढ़ के 65 युवा प्रतिभागियों के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात


नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से बुधवार को लोक निवास में 'युवा संगम' फ़ेज VI पहल के तहत छत्तीसगढ़ से आए 65 युवा प्रतिभागियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस कार्यक्रम का समन्वय आईआईटी दिल्ली द्वारा किया गया। यह जानकारी सोशल मीडिया मंच एक्स 'लोक निवास' हैंडल पर साझा की गई।

शिक्षा मंत्रालय के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के अंतर्गत संचालित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता के पांच प्रमुख स्तंभ पर्यटन, परंपरा, प्रगति, परस्पर संपर्क और प्रौद्योगिकी की परिकल्पना को साकार कर रहा है।

इस दौरान भारत की उभरती वैश्विक भूमिका, लोक नीति में हो रहे परिवर्तन तथा युवाओं के लिए उपलब्ध अभूतपूर्व अवसरों पर सार्थक चर्चा हुई। उपराज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत @2047 के निर्माण में हमारे युवा सबसे महत्वपूर्ण हैं और उनकी ऊर्जा, नवाचार तथा प्रतिबद्धता देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

इस दौरान उपराज्यपाल ने सार्वजनिक सेवा और कूटनीति के क्षेत्र में अपने अनुभवों एवं यात्राओं से जुड़े दृष्टिकोण भी युवाओं के साथ साझा किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story