दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हुए शामिल


नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरुवार को डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय के 14वें दीक्षांत समारोह में सम्मिलित हुई। इस मौके पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री भी मौजूद रहे।

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और प्रौद्योगिकी द्वारा संचालित तीव्र परिवर्तन के इस युग में शिक्षा राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव बनी रहेगी, जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परिकल्पना की है। उन्होंने कहा कि समावेशी शिक्षा, अकादमिक उत्कृष्टता और आलोचनात्मक चिंतन के मूल्यों पर आधारित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के माध्यम से विश्वविद्यालय एक पसंदीदा संस्थान के रूप में उभर रहा है। उन्होंने स्नातक विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित न रहकर निरंतर सीखने, नवाचार और नेतृत्व को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

उपराज्यपाल ने विद्यार्थियों से विकसित भारत और विकसित दिल्ली की निर्माण में सार्थक योगदान देने का आग्रह किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज डिग्री और मेडल प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाए दी। उन्होंने कहा कि यह दिन वर्षों की मेहनत, अनुशासन, संघर्ष और सपनों के साकार होने का प्रतीक है। हर विद्यार्थी की यह उपलब्धि उसके परिवार, शिक्षकों और समाज के विश्वास और सहयोग से भी जुड़ी होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत का युवा नए आत्मविश्वास, नवाचार और संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, रिसर्च, स्टार्टअप, तकनीक और सामाजिक चेतना से जुड़े यही युवा विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं, जो केवल अपने भविष्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य को भी नई दिशा देने का सामर्थ्य रखते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story