उपराज्यपाल से चार मामलों पर चर्चा के लिए फिर मांगा मुलाकात का समय : सौरभ भारद्वाज

WhatsApp Channel Join Now
उपराज्यपाल से चार मामलों पर चर्चा के लिए फिर मांगा मुलाकात का समय : सौरभ भारद्वाज


नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने स्वास्थ्य, साइकिल और चावल घोटाले के आरोपों तथा एसएस मोता सिंह स्कूल ट्रस्ट से जुड़े मामले पर चर्चा के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से एक बार फिर मुलाकात का समय मांगा। सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से उपराज्यपाल को टैग करते हुए जल्द समय देने का अनुरोध किया।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इससे पहले विधायक संजीव झा ने भी इन महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा के लिए उपराज्यपाल कार्यालय से औपचारिक रूप से मुलाकात का समय मांगा था, लेकिन अभी तक राज निवास की ओर से कोई जवाब या पुष्टि नहीं मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार उपराज्यपाल आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को मिलने का समय देंगे।

उपराज्यपाल को लिखे पत्र में भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक और दिल्ली के नागरिक राजधानी से जुड़े चार गंभीर मामलों पर चर्चा करना चाहते हैं। उनके अनुसार, इन मामलों में बड़ी अनियमितताओं के आरोप हैं और इन पर तत्काल प्रशासनिक ध्यान तथा स्पष्टता की आवश्यकता है।

पत्र में उन्होंने चार मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनमें स्वास्थ्य क्षेत्र में कथित घोटाले, साइकिल घोटाले के आरोप, चावल घोटाले के आरोप और एसएस मोता सिंह स्कूल ट्रस्ट से जुड़ा मामला शामिल है।

भारद्वाज ने कहा कि इन मामलों से संबंधित तथ्य और चिंताएं उपराज्यपाल के समक्ष रखी जानी हैं। उन्होंने उपराज्यपाल से आम आदमी पार्टी के विधायकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात के लिए सुविधाजनक समय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि उन्हें उपराज्यपाल कार्यालय से जल्द जवाब मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story