दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाना का जागरूकता अभियान शुरू, मार्च 2027 तक चलेगा : सिरसा

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाना का जागरूकता अभियान शुरू, मार्च 2027 तक चलेगा : सिरसा


नई दिल्ली, 06 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण को कम करने और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर और व्यापक प्रयास कर रही है। इन प्रयासों में प्रवर्तन, तकनीकी हस्तक्षेप, हितधारकों की भागीदारी और जनसहभागिता को समाहित किया गया है। इसी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली सरकार ने एक व्यापक शहरव्यापी सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) एवं जागरूकता अभियान शुरू किया है।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आज एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार वायु प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए पूरी गंभीरता और निरंतरता के साथ कार्य कर रही है। सरकार हर स्तर पर प्रवर्तन को मजबूत कर रही है और व्यापक उपाय लागू कर रही है। लेकिन स्वच्छ हवा की लड़ाई केवल सरकार के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती। प्रत्येक नागरिक, प्रत्येक संस्थान और प्रत्येक हितधारक की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।

सिरसा ने बताया कि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) द्वारा संचालित यह अभियान सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक “साथ निभाएं, प्रदूषण घटाएं” थीम के तहत चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से दिल्ली के विभिन्न सरकारी विभागों, संस्थानों, उद्योगों, समुदायों और नागरिकों को एकजुट करते हुए स्वच्छ और स्वस्थ वायु के लिए एक निरंतर एवं सामूहिक जनआंदोलन तैयार किया जाएगा।

इसी उद्देश्य से यह अभियान पर्यावरण संबंधी जागरूकता को केवल जानकारी तक सीमित न रखते हुए उसे कार्रवाई में बदलने पर जोर देगा। इसके माध्यम से नागरिकों को प्रदूषण के विभिन्न स्रोतों के बारे में जागरूक किया जाएगा और उन्हें सरल एवं व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी जाएगी, जिनके माध्यम से व्यक्तिगत और सामूहिक प्रयास स्वच्छ हवा सुनिश्चित करने में योगदान दे सकते हैं। आने वाले महीनों में दिल्लीभर में जागरूकता, संवेदनशीलता एवं हितधारक सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। स्कूलों और कॉलेजों, उद्योगों, रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए), बाजारों, निर्माण क्षेत्र से जुड़े हितधारकों, बल्क वेस्ट जेनरेटर्स, किसानों, वाहन मालिकों और आम नागरिकों को लक्षित गतिविधियों के माध्यम से अभियान से जोड़ा जाएगा।

सिरसा ने कहा, “हमारा दृष्टिकोण स्पष्ट है—विकास और पर्यावरणीय जिम्मेदारी साथ-साथ चलनी चाहिए। उद्योग, संस्थान और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान दिल्ली को स्वच्छ हवा दिलाने की यात्रा में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। इस अभियान के माध्यम से हमारा उद्देश्य जागरूकता बढ़ाना, अनुपालन को प्रोत्साहित करना और यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक हितधारक समझे कि सतत विकास और प्रदूषण नियंत्रण एक-दूसरे के पूरक उद्देश्य हैं। अभियान की शुरुआत विभिन्न विभागों और हितधारकों द्वारा की जा रही कई जमीनी स्तर की गतिविधियों के साथ हो चुकी है।

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने अपने स्वच्छता कर्मचारियों के साथ आईईसी गतिविधियां आयोजित कीं। वहीं, कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में कार्यरत गैर-सरकारी संगठन चिंतन ने “दिल्ली को कूड़े से आजादी – स्वच्छता अभियान 2026” के तहत लोधी गार्डन और चाणक्य मॉल में हाउसकीपिंग कर्मचारियों के लिए ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स सत्र आयोजित किए।

परिवहन विभाग ने पीयूसी अनुपालन, वाहनों से होने वाले प्रदूषण, समय पर वाहन सर्विसिंग, उपयोग की अवधि पूरी कर चुके वाहनों के जिम्मेदार निस्तारण, स्वच्छ ईंधन, इलेक्ट्रिक वाहनों और दिल्ली ईवी नीति पर केंद्रित जागरूकता गतिविधियां आयोजित कीं तथा परिवहन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को अभियान से जोड़ा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी 300 विद्यार्थियों की भागीदारी के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। ये गतिविधियां केवल शुरुआत हैं। आने वाले महीनों में दिल्ली सरकार पूरे शहर में जागरूकता, जनसंपर्क और हितधारक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों की एक सतत श्रृंखला आयोजित करेगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदूषण नियंत्रण केवल सरकार का कार्यक्रम न रहकर समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी वाला सामूहिक जनआंदोलन बने।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story