दिल्ली के जामिया नगर के पब्लिशिंग हाउस में लगी आग पर पाया काबू

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली के जामिया नगर के पब्लिशिंग हाउस में लगी आग पर पाया काबू


नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के जामिया नगर इलाके में शुक्रवार सुबह एक पब्लिशिंग हाउस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग अबुल फजल एन्क्लेव स्थित मरकज़ी मकतबा इस्लामी पब्लिशर्स के पीछे के हिस्से में लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दमकल विभाग के अनुसार सुबह करीब 7:58 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती कॉल मिलते ही एक-एक कर छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग दो मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर लगी थी और तेजी से फैल रही थी। मौके पर पहुंची टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। आग लगने के दौरान वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इसी दौरान भागने की कोशिश में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दमकल कर्मियों ने घायल को तुरंत बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी पहचान 56 वर्षीय जावेद के रूप में हुई है, जिनके सिर में गंभीर चोट आई है और उनका इलाज जारी है।

दमकल अधिकारियों के मुताबिक आग पहली मंजिल पर रखे कंप्यूटर, फर्नीचर और बड़ी संख्या में किताबों में लगी थी, जिससे नुकसान काफी अधिक हुआ है। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story