दिल्ली सरकार का ग्रीन एक्शन प्लान, 22 विभागों के लिए 70 लाख से अधिक पेड़ लगाने का लक्ष्य : सिरसा
नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने ग्रीन एक्शन प्लान (जीएपी) 2026-27 के तहत पौधरोपण के लक्ष्य को संशोधित किया है। इसके तहत 22 विभागों को 70 लाख से अधिक पेड़, झाड़ियां और बांस लगाने का निर्देश दिया गया है।
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि हमारी सरकार सिर्फ प्रदूषण को नियंत्रित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि दिल्ली की हरियाली को तेजी से बढ़ाने के लिए काम कर रही है। पिछले साल हमने बड़े स्तर पर पौधरोपण किया, जिसमें छात्र, महिला समूह, आम नागरिक, अधिकारी, जनप्रतिनिधि, न्यायाधीश, गणमान्य लोग और 70 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित है।
उन्होंने कहा कि कई वर्षों तक दिल्ली की हवा खराब रही क्योंकि पिछली सरकारों ने सिर्फ वादे किए। अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हमारी प्राथमिकता साफ है, बेहतर हवा और मजबूत ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर।
संशोधित लक्ष्य के अनुसार, फॉरेस्ट विभाग को 27 लाख से अधिक पेड़ और पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा डीडीए को 10 लाख, एमसीडी को 5 लाख, एनडीएमसी को 5.05 लाख, पीड्ब्लडी को 3 लाख, स्कूल शिक्षा विभाग को 3.5 लाख, उच्च शिक्षा को 25,000 से अधिक, तकनीकी शिक्षा को 41,000, NTPC को 70,000, डीएआईआईडीसी को 20,965 से अधिक, दिल्ली जल बोर्ड को 20,600, बीएसईएस (राजधानी) को 47,411, सीपीडब्ल्डी को 30,000, नॉर्दर्न रेलवे को 23,000, डीयूएसआईबी को 6,000, दिल्ली कैंट को 15,000 से अधिक, एनडीपीएल को 9,000, एनएचएआई को 60,000, दिल्ली मेट्रो को 2,500, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग को 35,000, पर्यावरण विभाग को 1,000 और डीटीसी को 2,000 पेड़ लगाने का लक्ष्य दिया गया है।
इसके अलावा, 12 लाख से अधिक पौधे फॉरेस्ट विभाग, डीपीजीएस और डीएमआरसी के माध्यम से मुफ्त बांटे जाएंगे, जिससे कुल संख्या लगभग 70,05,386 पौधों तक पहुंच जाएगी।
सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी प्रगति को जीएपी पोर्टल (https://gap.eforest.delhi.gov.in/login.aspx) पर अपडेट करें, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
मंत्री सिरसा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत और विकसित दिल्ली के विजन को आगे बढ़ाते हुए हम सिर्फ पौधे लगाने पर नहीं, बल्कि उनकी देखभाल और जीवित रखने पर भी जोर दे रहे हैं। हर पौधा बड़ा होकर दिल्ली की हरियाली बढ़ाए, इसके लिए सख्त जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

