दिल्ली में सरकार के एक साल पूरे, मुख्यमंत्री ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में सरकार के एक साल पूरे, मुख्यमंत्री ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड


नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने आज अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा कर लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कैबिनेट मंत्रियों के साथ सरकार का एक साल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार 'वादों की नहीं, बल्कि काम की सरकार' है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रिपोर्ट कार्ड पिछले एक वर्ष की मेहनत और बदलाव के ठोस तथ्यों को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने दिल्ली को ठहराव से प्रगति की ओर ले जाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हमने बहानों से समाधान तक और विज्ञापन से विकास तक का सफर तय करने की कोशिश की है। कम कागजी कार्रवाई और अधिक काम के सिद्धांत पर सरकार ने कार्य किया है

रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (आआपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार सिर्फ विज्ञापन पर ध्यान देती थी काम पर नही लेकिन दिल्ली सरकार “पोस्टर या ट्वीट की राजनीति” में विश्वास नहीं करती, बल्कि कार्य संस्कृति में बदलाव लाने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें शोर मचाती थीं, जबकि उनकी सरकार समाधान देने में विश्वास रखती है।

शिक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने प्रचार पर अधिक ध्यान दिया, जबकि उनकी सरकार ने संरचनात्मक सुधारों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि सरकार ने दिल्ली स्कूल शिक्षा अधिनियम, 2025 पारित कर शिक्षा में पारदर्शिता लाने का प्रयास किया है, जिससे शिक्षा के व्यवसायीकरण पर रोक लगाई जा सके।

रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर स्कूल में स्मार्ट क्लासरूम और डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करना है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाओं पर काम शुरू किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकाल के 365 दिनों में सरकार ने हर दिन जन-उत्थान की दिशा में कम से कम एक कदम आगे बढ़ाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि 20 फरवरी को पहली कैबिनेट बैठक में ही आयुष्मान भारत योजना को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया था, जो स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story