दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने ‘कैंसर जागरूकता, रोकथाम और स्क्रीनिंग कार्यक्रम का किया शुभारंभ
नई दिल्ली, 04 फ़रवरी (हि.स.)। विश्व कैंसर दिवस के मौके पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (डीएससीआई) की पहल ‘कैंसर जागरूकता, रोकथाम और स्क्रीनिंग कार्यक्रम (सीएपीएस) का शुभारंभ किया। इसका मकसद राजधानी दिल्ली में कैंसर का जल्दी से पता लगाने, रोकथाम और आसानी से मिलने वाली कैंसर देखभाल सेवाओं को और ज्यादा मजबूत करना है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, डॉक्टर्स, नर्स, टेक्नीशियन और हेल्थकेयर स्टाफ भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. पंकज सिंह ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कैंसर के बढ़ते मामले को काबू करने के लिए समय पर स्क्रीनिंग और जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बेहतर हेल्थकेयर सुविधाओं के कारण पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं, इसलिए यहां ज्यादा मरीजों की रिपोर्ट दर्ज होती है, जबकि देरी से टेस्टिंग होने से कैंसर जोखिम को और बढ़ाता है।
सीएपीएस पहल के तहत हमारी सरकार कम्युनिटी-बेस्ड तरीका अपना रही है। विशेष रूप से महिलाओं के लिए कैंसर स्क्रीनिंग को सुलभ और रेगुलर बनाने की दिशा में हम तेजी से काम कर रहे हैं। खास तौर पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग वैन, जिनमें मैमोग्राफी और एचपीवी डीएनए टेस्टिंग की व्यवस्था होगी को पहले से बताई गई प्रमुख जगहों और राजधानी के दूर-दराज के इलाकों में तैनात किया जाएगा ताकि दिल्ली के नागरिक अपने रोजाना के शेड्यूल को डिस्टर्ब किए बिना अपनी स्क्रीनिंग करवा सकें।
कार्यक्रम के दौरान सुविधाजनक और प्राइवेट स्क्रीनिंग के लिए एक सेल्फ-टेस्टिंग किट भी लॉन्च की गई। इस किट के माध्यम से महिलाएं खुद ही वैजाइनल स्वैब सैंपल लेकर लेबल युक्त वायल में सुरक्षित रख सकेंगी, जिसका एचपीवी डीएनए टेस्टिंग आरटी-पीसीआर तकनीक के जरिए किया जाएगा। टेस्ट रिपोर्ट एक हफ़्ते के भीतर शेयर की जाएंगी, जिसके बाद मेडिकल सलाह के साथ जरूरत पड़ने पर जरूरी इलाज भी बताया जाएगा। मैमोग्राफी रिपोर्ट के नतीजों को तुरंत एनालिसिस किया जाएगा। साथ ही जिन महिलाओं को इलाज की जरूरत होगी, उनके लिए जरूरी फॉलो-अप केयर भी सुनिश्चित किया जाएगा।
इसके अलावा कैंसर जागरूकता, कैंसर का जल्दी पता लगाने के तरीकों, तंबाकू विरोधी जागरूकता अभियान और भविष्य के जोखिमों को कम करने के लिए सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन की सुविधा को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
पंकज कुमार सिंह ने कहा कि कैंसर की रोकथाम हमारे प्रधानमंत्री का एक प्रमुख विजन है और हमारी मुख्यमंत्री भी इस मुद्दे को बेहद गंभीरता से ले रही हैं। वर्तमान में हमारा विशेष फोकस कैंसर जागरूकता पर है, क्योंकि कई मरीज टेस्ट के लिए बहुत देर से आते हैं, जिससे इलाज बेहद मुश्किल हो जाता है। जागरूकता के साथ-साथ हम व्यापक स्क्रीनिंग को भी बेहद मजबूत कर रहे हैं, ताकि कैंसर का जल्दी से पता चल सके और उसका गुणवत्तापूर्ण इलाज हो सके। हम बहुत जल्द सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन शुरू करने और मोबाइल कैंसर वैन के जरिए टेस्टिंग की सुविधाएं लोगों तक पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि जहां भी संभव हो बीमारी को रोका जाए और प्रत्येक नागरिक को समय पर बेहतर इलाज मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

