उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने नेहरू नगर का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने नेहरू नगर का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाने की दिशा में चलाए जा रहे प्रयासों के तहत दिल्ली की उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने मंगलवार को ‘स्वच्छ भारत अभियान’ एवं ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ अभियान के अंतर्गत दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के वार्ड संख्या 144 स्थित नेहरू नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, पार्कों, गलियों तथा नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप महापौर ने निगम प्राथमिक विद्यालय, आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं क्षेत्र के पार्कों का भी दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए तथा नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

क्षेत्र की क्षतिग्रस्त गलियों का निरीक्षण करते हुए डॉ. मोनिका पंत ने संबंधित अधिकारियों को टूटी हुई गलियों की मरम्मत का कार्य यथाशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उप महापौर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपचार के लिए आए मरीजों से बातचीत कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से मरीजों एवं दवाओं से संबंधित रजिस्टरों की जानकारी लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पार्कों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्कों की साफ-सफाई एवं रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। आसपास के घरों एवं रास्तों तक पहुंचने वाली पेड़ों की डालियों की आवश्यकतानुसार शीघ्र छंटाई करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाना दिल्ली नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं एवं क्षेत्र के रखरखाव से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद अर्जुन पाल सिंह मारवाह, दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के उपायुक्त डॉ. सचिन गुप्ता सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story