दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मरघट वाले हनुमान मंदिर में की पूजा

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मरघट वाले हनुमान मंदिर में की पूजा


दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मरघट वाले हनुमान मंदिर में की पूजा


नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने आज अपना एक वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को यमुना बाजार स्थित प्राचीन मरघट वाले हनुमान मंदिर पहुंचीं। वहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और दिल्लीवासियों की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और ‘विकसित दिल्ली’ के सपने को पूरा करने के लिए आशीर्वाद मांगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता के विश्वास और एक-एक वोट की शक्ति से बनी यह सरकार सत्ता के सुख के लिए नहीं, बल्कि सेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उन्हीं का विश्वास है जिसकी वजह से पिछले एक वर्ष में सरकार ने दिन-रात मेहनत करते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी है और दिल्ली के विकास को नई गति देने का प्रयास किया है।

रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार का एक वर्ष केवल उपलब्धियों का नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति समर्पण, पारदर्शिता और जवाबदेही की नई कार्यसंस्कृति स्थापित करने का वर्ष रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मरघट वाले हनुमान मंदिर में आकर उन्हें नई ऊर्जा और शक्ति का अनुभव हुआ है। प्रभु के आशीर्वाद से ही सरकार ने पिछले एक वर्ष में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं और आगे भी इसी समर्पण के साथ निरंतर कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि यह एक वर्ष दिल्ली के लिए परिवर्तन का प्रारंभ है और आने वाले वर्षों में दिल्ली को विश्वस्तरीय राजधानी बनाने के संकल्प को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और उसी विश्वास के साथ सरकार निरंतर सेवा के पथ पर आगे बढ़ती रहेगी। इस अवसर पर दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story