‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ महिला सशक्तिकरण की दिशा में निर्णायक कदम : रेखा गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ महिला सशक्तिकरण की दिशा में निर्णायक कदम : रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम है।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में अब नारी शक्ति का सशक्तिकरण नीति-निर्माण से लेकर राष्ट्र-निर्माण तक उसकी अग्रणी भूमिका को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम से विधायिका में महिलाओं का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होगा, जिससे निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ेगी और देश के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक वीडियों जारी करते हुए कहा कि आज भारत को आगे बढ़ाने के लिए महिलाओं का आगे आना आवश्यक है। केवल विकास ही नहीं, बल्कि देश को सही दिशा में ले जाने की भी जरूरत है। आज संसद और विधानसभाओं में महिलाएं आगे आकर सत्ता का हिस्सा बनें, शासन और प्रशासन में भागीदारी निभाएं, यह बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक महिला और एक बेटी होने के नाते, हमने अपने जीवन में जो देखा और सहा है, वही हमें बेहतर निर्णय लेने की समझ देता है। जब यह निर्णय लिया गया कि बेटियों को साइकिल दी जाए, ताकि वे आसानी से स्कूल जा सकें, तब मुझे वह संघर्ष याद आया जो एक बेटी को जन्म से आगे बढ़ने तक करना पड़ता है।

इसी सोच के साथ “लखपति बिटिया योजना” लाई गई, ताकि हर बेटी पढ़े, अपनी ग्रेजुएशन पूरी करे और अपने पैरों पर खड़ी हो सके। जब यह नीति बनाई गई, तो उसे एक महिला के दृष्टिकोण से आगे बढ़ाया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की हर जागरूक महिला को आगे आकर इस बिल पर अपनी राय देनी चाहिए, इसका समर्थन करना चाहिए और अपनी भूमिका तय करनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ आर्ट्स से ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की थी। इस दौरान कैंपस में छात्राओं और महिलाओं में इस हस्ताक्षर अभियान और महिला आरक्षण को लेकर काफी उत्साह दिखाई दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर हस्ताक्षर में उनका सपना, आगे बढ़ने का हौसला और बराबरी से भागीदारी का भरोसा का संदेश है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story