मुख्यमंत्री ने विधायकों से ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने विधायकों से ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान


नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक कर भारतीय जनता पार्टी के (भाजपा) विधायकों से दिल्ली सरकार के ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक संकट, ईंधन की बढ़ती चुनौती और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री के संदेश को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएं और लोगों को ईंधन बचत, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग, कारपूलिंग तथा जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि विधायक स्वयं भी उदाहरण प्रस्तुत करें। ‘मेट्रो मंडे’ पहल के तहत विधायक सप्ताह में एक दिन मेट्रो से यात्रा करें ताकि आम नागरिक भी प्रेरित हों। उन्होंने विधायकों से अपने काफिलों को सीमित करने, वाहनों का कम उपयोग करने तथा ई-वाहनों को प्राथमिकता देने की भी अपील की।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विधायक अपनी विधानसभा क्षेत्रों की आरडब्ल्यूए, सामाजिक संस्थाओं, मार्केट एसोसिएशन, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न संगठनों के बीच जाकर दिल्ली सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि यह 90 दिवसीय जनजागरूकता अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रहित में सामूहिक भागीदारी का प्रयास है, जिसमें हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री के आह्वान को धरातल पर उतारने के लिए कई बड़े निर्णय लिए हैं। इसके तहत आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सरकारी विभागों में सप्ताह में दो दिन ‘वर्क फ्रॉम होम’ व्यवस्था लागू की जा रही है। निजी संस्थानों और कंपनियों को भी इस दिशा में सहयोग करने की सलाह दी गई है।

मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि दिल्ली सरकार ने संकट की घड़ी में जो निर्णय लिए हैं, उसकी जानकारी आमजन तक भी पहुंचनी चाहिए ताकि वे भी उन पर अमल करें। सरकार के इन निर्णयों के तहत हर सोमवार ‘मेट्रो मंडे’ मनाया जाएगा तथा सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि सरकार ने अगले छह महीने तक नया पेट्रोल, डीजल, सीएनजी या हाइब्रिड वाहन नहीं खरीदने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त सरकारी कार्यालयों में एयर कंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच निर्धारित किया गया है ताकि बिजली की बचत सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही सरकार ने ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए राजधानी के मॉल्स और सुपरमार्केट्स में विशेष कॉर्नर स्थापित करने का भी निर्णय लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story