उच्चस्तरीय बैठक में सीएम का निर्देश: तय समय में पूरे हों बजट के सभी विकास कार्य

WhatsApp Channel Join Now
उच्चस्तरीय बैठक में सीएम का निर्देश: तय समय में पूरे हों बजट के सभी विकास कार्य


उच्चस्तरीय बैठक में सीएम का निर्देश: तय समय में पूरे हों बजट के सभी विकास कार्य


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में बजट 2026-27 में घोषित प्रमुख योजनाओं, उनकी प्रगति और समय-सीमाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री का स्पष्ट कहना था कि राजधानी को ‘विकसित दिल्ली’ बनाने के लिए बेहतर व प्रभावी कार्य किए जाने आवश्यक है ताकि तय समय में दिल्ली का रूप-रंग निखर सके और दिल्लीवासियों को उस पर गर्व हो। सभी प्रमुख परियोजनाओं की सतत और गहन निगरानी सीएम प्रगति पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इस पोर्टल पर प्रत्येक विभाग को अपने प्रोजेक्ट्स की प्रगति, तय समय-सीमा और आगामी चरणों का नियमित अपडेट करना होगा ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जरूरत इच्छाशक्ति की है और उन्हें विश्वास है कि विभिन्न विभाग दिल्ली को आधुनिक और सुविधाओं से भरपूर बनाने में पूरी मेहनत से कार्य करेंगे। इस उच्चस्तरीय बैठक में सरकार के मुख्य सचिव राजीव वर्मा भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे 15 दिन, 20 दिन और एक माह जैसे अल्पकालिक लक्ष्यों को स्पष्ट रूप से निर्धारित कर पोर्टल पर अपडेट करें, जिससे समयबद्ध तरीके से कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके और किसी भी प्रकार की देरी को समय रहते चिन्हित कर दूर किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने लक्ष्यों और समय-सीमाओं को गंभीरता से निर्धारित कर उसी के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित रखने की प्रवृत्ति को समाप्त करना होगा और शिलान्यास के साथ ही समय पर पूर्णता की दिशा में ठोस प्रयास करने होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि सभी प्रमुख परियोजनाओं को वर्ष 2029 से पहले पूरा कर लिया जाए। प्रत्येक परियोजना, चाहे वह छोटी हो या बड़ी, उसके लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित कर उसे पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए सभी विभागों का समन्वित और समर्पित प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपने लक्ष्यों, समय-सीमाओं और कार्ययोजनाओं की पुनः समीक्षा कर पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने विभागों से केंद्र सरकार से मिलने वाले फंड और योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। यह फंड सभी राज्यों को उनकी कार्यकुशलता के लिए दिया जाता है। केंद्र सरकार से एसएएससीआई व अन्य फंड का मिलना प्रत्येक विभाग की कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story