(अपडेट) ‘खीर सेरेमनी’ के साथ बजट सत्र की शुरुआत, मुख्यमंत्री ने ‘विकसित और हरित दिल्ली' के संकल्प को दोहराया

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) ‘खीर सेरेमनी’ के साथ बजट सत्र की शुरुआत, मुख्यमंत्री ने ‘विकसित और हरित दिल्ली' के संकल्प को दोहराया


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को ‘खीर सेरेमनी’ के साथ शुरू हुआ। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यह बजट राजधानी के लगभग 3 करोड़ दिल्लीवासियों के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि ‘खीर सेरेमनी’ न केवल बजट प्रक्रिया की पारंपरिक शुरुआत है, बल्कि यह समृद्धि, शुभता और जनकल्याण के संकल्प का प्रतीक भी है, जो आगामी बजट में दिखाई देगा।

‘खीर सेरेमनी’ में मुख्यमंत्री के साथ किसान, स्कूल के विद्यार्थी, शिक्षक, डॉक्टरों, किन्नर समाज के लोग, महिला ड्राइवर, मीडियाकर्मियों ने भाग लिया। किसानों ने मुख्यमंत्री को पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा सहित विधायक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का यह दूसरा बजट दिल्ली के विकास की गति को और तेज करने वाला होगा। यह बजट न केवल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेगा, बल्कि दिल्लीवासियों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने का माध्यम भी बनेगा। यह बजट एक ऐसे दिल्ली के निर्माण की दिशा में अग्रसर है, जहां नागरिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, उत्कृष्ट शिक्षा, सुदृढ़ आधारभूत संरचना और स्वच्छ एवं हरित वातावरण में जीवन यापन कर सकें। इस बजट में छात्रों के लिए बेहतर सुविधाएं, स्वास्थ्य क्षेत्र में सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण और हरित परिवेश को प्राथमिकता दी जा रही है।

रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि सरकार का स्पष्ट विजन है, जिसके माध्यम से एक सकारात्मक, सुरक्षित और समृद्ध वातावरण तैयार किया जाएगा, जहां आमजन सुख और संतोष के साथ जीवन व्यतीत कर सकें।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के आशीर्वाद और विश्वास से ही सरकार निरंतर कार्य कर रही है। सरकार 24×7 जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और हर दिन दिल्ली को और बेहतर बनाने के लिए कार्य करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story