खटीमा शहीद दिवस पर दिल्ली भाजपा उत्तराखंड प्रकोष्ठ ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
खटीमा शहीद दिवस पर दिल्ली भाजपा उत्तराखंड प्रकोष्ठ ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 02 अक्टूबर (हि.स.)। खटीमा उत्तराखंड शहीद दिवस के अवसर पर दिल्ली भाजपा उत्तराखंड प्रकोष्ठ की ओर से शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, दिल्ली की उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद बछेती, विधायक रवि सिंह नेगी और प्रकोष्ठ प्रभारी अशोक ठाकुर समेत भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड प्रकोष्ठ के संयोजक नरेंद्र मनराल ने की। इस दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं उत्तराखंड प्रकोष्ठ से जुड़े अन्य पदाधिकारियों ने भी शहीदों को नमन किया।

इस अवसर पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि 2 अक्टूबर को खटीमा उत्तराखंड शहीद दिवस के रूप में उन वीर सपूतों को नमन करने का दिन है, जिन्होंने अलग उत्तराखंड राज्य के सपने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने उत्तराखंड आंदोलन में शहीद हुए आंदोलनकारियों और उनके परिजनों को याद करते हुए कहा कि आंदोलनकारियों ने अपने राज्य, पहचान और पहाड़ों के अधिकार की मांग को लेकर संघर्ष किया था।

मल्होत्रा ने 1994 के खटीमा गोलीकांड और रामपुर तिराहा की घटनाओं का उल्लेख करते हुए तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक आंदोलन को दबाने के लिए बल प्रयोग किया गया और बड़ी संख्या में आंदोलनकारी शहीद हुए। उन्होंने तत्कालीन सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि उत्तराखंड आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं को इतिहास में याद रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों का बलिदान अंततः अलग उत्तराखंड राज्य के गठन के रूप में परिणत हुआ। मल्होत्रा ने कहा कि 9 नवंबर 2000 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तराखंड अलग राज्य बना।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने दिल्ली में रह रहे उत्तराखंड मूल के लोगों से शहीदों के आदर्शों को याद रखने और उनके परिवारों के सम्मान के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार विकसित उत्तराखंड के लिए काम कर रही है।

कार्यक्रम के अंत में मल्होत्रा ने शहीदों के परिवारों का सम्मान करने और उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखंड के निर्माण के लिए संकल्प लेने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story