अधिकारियों के दफ्तर से फाइल चोरी का दिल्ली भाजपा ने जारी किया वीडियो

अधिकारियों के दफ्तर से फाइल चोरी का दिल्ली भाजपा ने जारी किया वीडियो


नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर खर्च संबंधी मामले की जांच कर रहे अधिकारी की फाइलें गायब होने को लेकर भाजपा ने नया वीडियो जारी किया है। दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विरेन्द्र सचदेवा, भाजपा सांसद मनोज तिवारी, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूरी, दिल्ली प्रवक्ता हरीश खुराना ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता करते हुए एक सीसीटीवी फुटेज जारी की।

वार्ता में दिल्ली भाजपा विधायक और नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से इस्तीफा मांगा है। उन्होंने कहा कि नैतिकता के आधार पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपना इस्तीफा देना चाहिए और हम लोग इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दिल्ली के पुलिस कमिश्नर से मिलेंगे।

भाजपा के सभी विधायक और सांसद दिल्ली पुलिस कमिश्नर से इस मामले में शिकायत करेंगे और केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर की मांग करेंगे। अगर फिर भी एफआईआर नहीं होती है तो हम कोर्ट का रुख करेंगे।

नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली के एक विजलेंस अधिकारी वाई राज शेखर दिल्ली सरकार द्वारा किए गए अलग-अलग मामलों में 180 करोड़ के घोटाले की जांच कर रहे थे। इस पूरे मामले पर दिल्ली के मुख्यमंत्री चुप हैं, लेकिन इन लोगों ने रात के दो बजे कैसे एक अधिकारी के दफ्तर में घुसे ? सीसीटीवी फुटेज में भी साफ तौर पर तीन लोग दिख रहे हैं।

कैसे इन लोगों ने फाइलें चुराई और फिर दूसरे कमरे में यह फाइल है। आधे घंटे तक यह पूरा खेल चलता रहा। इससे साफ जाहिर होता है कि इस पूरे घटनाक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्री भी शामिल हैं। इसलिए हम मांग करते हैं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपना इस्तीफा देना चाहिए।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह जो वीडियो है, सभी को चौंका देने वाला वीडियो है। यह वीडियो साफ दर्शाता है कि रात के 2:00 बजे एक अधिकारी के कमरे में 3 लोग हैं और उसकी फाइल निकाली जाती है, जो अधिकारी पूरे भ्रष्टाचार की जांच कर रहे थे, वहां से फाइलें चुराई जाती है। एक तरह से यह डकैती है। लूटपाट है। यह घटना 16 मई की है। 11 मई को इनके पक्ष में सुप्रीम कोर्ट से आदेश आता है। ट्रांसफर पोस्टिंग कर सकते है, लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री ने उसी दिन से तानाशाही रवैया अपनाया।

हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी/अनूप

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story