(अपडेट) प्रधानमंत्री पर टिप्पणी को लेकर दिल्ली भाजपा ने खरगे के निवास पर किया विरोध प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) प्रधानमंत्री पर टिप्पणी को लेकर दिल्ली भाजपा ने खरगे के निवास पर किया विरोध प्रदर्शन


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित टिप्पणी के विरोध में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में एवं प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे की उपस्थिती में दिल्ली भाजपा के पूर्वांचल, युवा एवं ओ.बी.सी. मोर्चा के लगभग दो हजार कार्यकर्ता ने राजा जी मार्ग स्थित उनके निवास के पास विशाल विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहें कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कुशक रोड़ मोड़ पर बैरिकेड्स लगा कर रोकने का प्रयास किया जिसे तोड़ कर कार्यकर्ता आगे बढ़े तो सेना भवन के पास से प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित लगभग 200 वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में लेकर 5 बसों में मंदिर मार्ग थाने ले गई।

प्रदर्शन के दौरान दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री के पिताजी के लिए अभद्र शब्दों का प्रयोग किया। उसी बात को लेकर आज खरगे के आवास पर प्रदर्शन कर रहें है। उन्होंने कहा कि खरगे को उनके द्वारा की गई टिप्पणी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से माफी मांगनी होगी।

उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी, चाहे वह राहुल गांधी हों या कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सभी हताश हो चुके हैं। लगातार चुनावों में हार के कारण कांग्रेस हर समय अराजकता के दौर में आ जाते हैं और किसी कानून को नहीं मानते।

मल्होत्रा ने कहा कि कुछ महीने पहले इन्होंने दिल्ली को बंद करने का प्रयास किया, जिससे दिल्ली का पूरा व्यापार प्रभावित हुआ। आज भी बिना कानून की परवाह किए लगातार दिल्ली में, कनॉट प्लेस सहित विभिन्न स्थानों पर कानून तोड़ते हुए धरना-प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दिल्ली और देश में अराजकता फैलाना चाहती है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जब कांग्रेस की अपनी सभा में मल्लिकार्जुन खरगे के बोलने पर जनता ने बोला तो वह हताश हो गए और प्रधानमंत्री के पिताजी के बारे में अपशब्द बोल दिए।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि खरगे को माफी मांगनी होंगी। उन्होंने कहा कि जब तक खरगे माफी नहीं मांगेंगे यह आंदोलन, धरना-प्रदर्शन लगातार चलता रहेगा।

वही, दिल्ली भाजपा के प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने खरगे के टिप्पणी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए एक नारा देते हुए कहा कि आज का यह प्रदर्शन जनता के अंदर की उस तीव्र भावना, लोगों के मन में व्याप्त संताप और उद्वेलित जनमानस का प्रकटीकरण है।

विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि एक साधारण परिवार से निकलकर नरेन्द्र मोदी ने देश की सेवा की और संघर्ष के बाद देश के प्रधानमंत्री के पद तक पहुंचे, उसका अपमान करने का प्रयास किया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा जिस प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, वह देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी के अध्यक्ष को शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि भाजपा मांग करती हैं कि खरगे तुरंत माफी मांगें अन्यथा भाजपा सड़क से लेकर सदन तक विरोध करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767204 Articles

Share this story