पहली मानसूनी बारिश में जलभराव पर काबू, दिल्ली सरकार का पहला बड़ा प्रयास सफल रहा : हर्ष मल्होत्रा

WhatsApp Channel Join Now
पहली मानसूनी बारिश में जलभराव पर काबू, दिल्ली सरकार का पहला बड़ा प्रयास सफल रहा : हर्ष मल्होत्रा


पहली मानसूनी बारिश में जलभराव पर काबू, दिल्ली सरकार का पहला बड़ा प्रयास सफल रहा : हर्ष मल्होत्रा


नई दिल्ली, 09 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि वर्षों बाद दिल्लीवासियों ने मानसून की पहली बारिश का स्वागत किया है, क्योंकि इस बार बारिश ने जहां भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं व्यापक जलभराव जैसी समस्या देखने को नहीं मिली। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में किए गए पूर्व तैयारी के कार्यों का सकारात्मक परिणाम पहली ही बारिश में देखने को मिला।

हर्ष मल्होत्रा ने गुरुवार को कहा कि पिछले दस वर्षों के विपरीत इस बार घंटों तक हुई बारिश के बावजूद राजधानी के अधिकांश हिस्सों में जलभराव के कारण सामान्य जनजीवन या यातायात बाधित होने की स्थिति नहीं बनी। उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों ने लंबे समय बाद मानसून की पहली बारिश का बिना किसी बड़ी परेशानी के आनंद लिया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली जल बोर्ड, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने संयुक्त रूप से नालों की डी-सिल्टिंग और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का व्यापक अभियान चलाया। इसके तहत पिछले डेढ़ माह में नालों और सीवरों की सफाई कराई गई, 169 जलभराव संभावित स्थानों तथा 445 संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई। साथ ही 28 जून से पहले 167 पंप हाउस और 754 मोबाइल पंप तैनात कर दिए गए थे, जिससे राजधानी पहली मानसूनी बारिश के लिए तैयार रही।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पहले राजधानी में मानसून की शुरुआती बारिश के साथ ही कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो जाती थीं और सरकारें इसे शुरुआती बारिश बताकर स्थिति सामान्य होने का आश्वासन देती थीं। इस बार स्थिति अलग रही और सरकार ने पहली ही बड़ी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया।

उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों की बारिश में केवल गुरुवार सुबह ही लगभग 100 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई। इसके बावजूद रिंग रोड, प्रमुख आर्टेरियल सड़कों और फ्लाईओवर लूप पर जलभराव की स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित रखा गया और जनजीवन सामान्य बना रहा।

मल्होत्रा ने स्वीकार किया कि पुरानी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में जलभराव की समस्या सामने आई। उन्होंने इसका कारण स्थानीय आम आदमी पार्टी के विधायकों और पार्षदों की लापरवाही को बताया तथा कहा कि सरकार भविष्य में इन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story