जेएनयू में छात्राओं के यौन उत्पीड़न को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर शनिवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोईजाम को पार्टी से बर्खास्त करने और गिरफ्तार करने की मांग की। लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन से कांग्रेस मुख्यालय की ओर कूच कर रहे महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लेकर शकरपुर थाने पहुंचाया।
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद संगीता यादव और दिल्ली भाजपा की महामंत्री योगिता सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष सारिका जैन, महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता और प्रभारी आरती मेहरा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुईं। प्रदर्शनकारी लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ने लगे। हालांकि, कुछ दूर आगे बढ़ते ही पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन के दौरान संगीता यादव ने आरोप लगाया कि जेएनयू में छात्राओं के यौन उत्पीड़न के मामले में संबंधित सांसद के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से सांसद को पार्टी से बर्खास्त करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
योगिता सिंह ने भी कांग्रेस पर मामले में उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पीड़ित छात्राओं को न्याय नहीं मिलता, भाजपा महिला मोर्चा अपना विरोध जारी रखेगा।
प्रदर्शन में महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी हिमांशी पांडेय, मीरा पहाड़िया, सुमन लता डागर तथा जिलाध्यक्ष कंचन महेश्वरी और रोजी सूद सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

