सोनम वांगचुक के अनशन के बहाने राजनीतिक जमीन तलाश रहें केजरीवाल : हर्ष मल्होत्रा

WhatsApp Channel Join Now
सोनम वांगचुक के अनशन के बहाने राजनीतिक जमीन तलाश रहें केजरीवाल : हर्ष मल्होत्रा


नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वह अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए युवाओं को भड़काने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2011 में इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन के जरिए राजनीति में उभरने वाले केजरीवाल अब कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के मंच के माध्यम से उसी तरह की राजनीतिक जमीन तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं।

मल्होत्रा ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि पत्रकार वार्ता के दौरान अरविंद केजरीवाल द्वारा गुरुवार को सीजेपी के मंच पर जाने की घोषणा से स्पष्ट हो गया है कि उन्होंने अपनी राजनीतिक स्थिति को संभालने की उम्मीद में अपने पुराने सहयोगी अभिजीत दीप्के के माध्यम से सीजेपी का गठन कराया।

उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को आंदोलन के नाम पर जोड़ने की यह कोशिश पूरी तरह विफल रही है और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी उनकी राजनीति का शिकार बन गए हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2011 में अन्ना हजारे के भूख हड़ताल आंदोलन से राजनीतिक लाभ लेने के बाद अब वह सोनम वांगचुक के अनशन के जरिए अपना राजनीतिक वजूद बचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन देश का युवा अब उनकी शतरंज में फंसने वाला नहीं है।

मल्होत्रा ने दावा किया कि इसी कारण जंतर-मंतर पर युवाओं की अपेक्षित भागीदारी देखने को नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब राजनीतिक स्वार्थ और जन आंदोलनों के बीच का अंतर समझ चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story