आआपा पार्षद विकास टांक भाजपा में शामिल

WhatsApp Channel Join Now
आआपा पार्षद विकास टांक भाजपा में शामिल


नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम के सिटी एसपी जोन के चेयरमैन आम आदमी पार्टी (आआपा) के पार्षद एवं वाल्मीकि समाज के युवा नेता विकास टांक ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा तथा चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल की उपस्थिति में पार्टी कार्यालय में उन्होंने भाजपा का दामन थामा।

प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान विकास टांक को पार्टी का पटका पहनाकर मिस्ड कॉल के माध्यम से सदस्यता दिलाई तथा मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर विकास टांक ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद नगर निगम को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। निगम के ढलावों पर कॉम्पैक्टर लगाए जा रहे हैं, पार्कों और सड़कों की सफाई की जा रही है तथा विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब दिल्ली सरकार और नगर निगम दोनों में आआपा की सत्ता थी, तब विकास कार्य ठप पड़े रहे। भाजपा विकास की राजनीति में विश्वास करती है और बिना राजनीतिक भेदभाव के जनहित के कार्य करना ही उसका उद्देश्य है।

भाजपा में शामिल होने के बाद विकास टांक ने कहा कि आआपा ने नगर निगम चुनाव से पहले कई वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कूड़े के पहाड़ समाप्त करने का वादा पूरा नहीं हुआ और निगम सदन को भी सुचारु रूप से नहीं चलने दिया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी के पार्षदों पर काम नहीं करने का दबाव बनाया जाता था, जिसके कारण कई पार्षद पार्टी छोड़ चुके हैं।

टांक ने कहा कि भाजपा विकास और सुशासन की राजनीति करती है तथा 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' के मंत्र के साथ सभी वर्गों को समान सम्मान देने का कार्य करती है। इसी विश्वास के साथ उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story