भोरगढ़ में दो फैक्ट्रियों में लगी आग, छतों तक पहुंची लपटें

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भोरगढ़ औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार तड़के प्लास्टिक दाना बनाने वाली दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों फैक्ट्रियों की छत के अलावा पास की दो अन्य फैक्ट्रियों की छत भी इसकी चपेट में आ गई। आग की सूचना सुबह 4:32 बजे मिली। दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग की भयावहता को देखते हुए मेक-6 घोषित किया गया। इसके बाद कुल 16 दमकल यूनिट मौके पर पहुंचीं। सुबह 6:15 बजे आग पर काबू पाने की सूचना दी गई, जबकि कूलिंग का काम जारी था।

दमकल विभाग के अनुसार, आग भोरगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बी-2411 में लगी। शुरुआती तौर पर तीन दमकल गाड़ियों के साथ दो अन्य दमकल यूनिट और एक क्यूआरवी को भेजा गया था। सुबह करीब पांच बजे मेक-6 घोषित होने के बाद दमकल की कुल सात वाटर टेंडर, पांच वॉटर बाउजर, एक बीएफटी, एक मोबाइल पंप, एक एरियल वॉटर टेंडर और एक क्यूआरवी मौके पर पहुंची। मौके पर एसटीओ विजय दहिया, एसटीओ विशाल, एसटीओ प्रवेश, एडीओ पारस, एडीओ राजीव सिन्हा और डीओ एके जायसवाल समेत दमकल अधिकारी मौजूद रहे। आग दो प्लास्टिक दाना (ग्रेन्यूल्स) बनाने वाली फैक्ट्रियों में लगी थी। इसके साथ ही आग ने दोनों से सटी दो फैक्ट्रियों की छतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

इससे कुछ घंटे पहले मंगलवार रात भोरगढ़ के सन्नौठ गांव में पंचायत घर के पास एक मकान में आग लग गई। रात 7:50 बजे सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रात 8:35 बजे आग बुझा दी गई। आग रसोई में रखे एलपीजी सिलिंडर में लगी थी। मौके पर 28 वर्षीय मंजू पत्नी नीरज का शव मिला, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

वहीं, मंगलवार देर रात उत्तरी दिल्ली के नॉर्थ कैंपस स्थित लॉ सेंटर-1 के डूसू कार्यालय में भी आग लग गई। रात 11:53 बजे सूचना मिलने पर दमकल की तीन गाड़ियां, एक वॉटर बाउजर और एक क्यूआरवी मौके पर भेजी गई। रात 12:10 बजे आग पर काबू पा लिया गया। आग कार्यालय में रखे सोफे और फर्नीचर में लगी थी। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/ कुमार अश्विनी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story