दिल्ली विधानसभा में ‘प्रथम विश्व युद्ध और भारत’ पर विशेष संगोष्ठी गुरुवार को

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली विधानसभा में ‘प्रथम विश्व युद्ध और भारत’ पर विशेष संगोष्ठी गुरुवार को


नई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा द्वारा ‘प्रथम विश्व युद्ध और भारत’ विषय पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन गुरुवार को विधानसभा परिसर में किया जाएगा। यह आयोजन वर्ष 1918 के ऐतिहासिक युद्ध सम्मेलन के 108 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में विजय कुमार सिंह, जो वर्तमान में मिजोरम के राज्यपाल हैं मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि 1918 के युद्ध सम्मेलन का पुनर्स्मरण केवल इतिहास को याद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उस दौर में भारत की भूमिका और विकसित होती राजनीतिक चेतना को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि संगोष्ठी का उद्देश्य प्रथम विश्व युद्ध के दौरान भारत की भागीदारी का पुनरावलोकन करना और उस समय के राजनीतिक व संस्थागत विकास को व्यापक संदर्भ में समझना है।

विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि संगोष्ठी के दौरान उस ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य पर भी चर्चा की जाएगी, जिसमें भारत की युद्ध में भागीदारी को लेकर विचार-विमर्श हुआ था और उस समय की राष्ट्रीय अपेक्षाओं ने किस प्रकार देश की राजनीतिक सोच को आकार दिया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस अवसर पर गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के सहयोग से 1918 के युद्ध सम्मेलन की कार्यवाही के नवीन संस्करण का लोकार्पण भी किया जाएगा। यह प्रकाशन सम्मेलन की मूल चर्चाओं को उनके वास्तविक स्वरूप में प्रस्तुत करेगा और समकालीन पाठकों के लिए एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेज साबित होगा।

उन्होंने बताया कि यह पहल न केवल ऐतिहासिक स्मृति को संरक्षित करने का प्रयास है, बल्कि इसे वर्तमान लोकतांत्रिक समझ से जोड़ने की दिशा में भी एक सार्थक कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story