आशुतोष मुखर्जी की 162वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली विधानसभा जारी करेगी बंगाल टाइगर आशुतोष मुखर्जी के संकलित भाषण

WhatsApp Channel Join Now
आशुतोष मुखर्जी की 162वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली विधानसभा जारी करेगी बंगाल टाइगर आशुतोष मुखर्जी के संकलित भाषण


नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को विधानसभा सदन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ मंत्री जगत प्रकाश नड्डा स्मारक ग्रंथ बंगाल टाइगर आशुतोष मुखर्जी के संकलित भाषण का लोकार्पण करेंगे।

दिल्ली विधानसभा ने सोमवार को पत्रकार विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा डॉ. आशुतोष मुखर्जी (1864–1924) की 162वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली विधान सभा द्वारा प्रकाशित विशेष स्मारक ग्रंथ बंगाल टाइगर आशुतोष मुखर्जी के संकलित भाषण का मंगलवार (कल) को आयोजित एक समारोह में लोकार्पण करेंगे।

इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा सरकार के शिक्षा, गृह एवं शहरी विकास मंत्री आशीष सूद विशिष्ट अतिथि के रूप में तथा दिल्ली विधान सभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट की उपस्थिति रहेगी। समारोह में विधान सभा के सदस्य, प्रतिष्ठित विधिवेत्ता, शिक्षाविद्, शिक्षा विशेषज्ञ एवं विद्वानों के सम्मिलित होने की अपेक्षा है।

उल्लेखनीय है कि बंगाल टाइगर के नाम से विख्यात डॉ. आशुतोष मुखर्जी स्वतंत्रता-पूर्व भारत के अग्रणी शिक्षाविदों, विधिवेत्ताओं तथा राष्ट्रनिर्माताओं में से एक थे। वे आधुनिक भारत के निर्माता थे और इम्पीरियल लेजिस्लेटिव काउंसिल (1904) के सदस्य थे। उच्च शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा संस्थान निर्माण के क्षेत्र में उनके अग्रणी योगदान आज भी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह स्मारक ग्रंथ डॉ. आशुतोष मुखर्जी के संसदीय भाषणों को पहली बार एक ही संकलन में प्रस्तुत करता है, जिससे शिक्षा, संवैधानिक शासन, संस्थान निर्माण तथा सार्वजनिक जीवन पर उनके दूरदर्शी विचार विधायकों, विद्वानों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों के लिए सुलभ हो सकेंगे।

विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि यह प्रकाशन उन महान राष्ट्रीय विभूतियों की बौद्धिक विरासत के दस्तावेजीकरण एवं संरक्षण के प्रति दिल्ली विधान सभा की सतत प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है, जिन्होंने भारत की लोकतांत्रिक, शैक्षिक एवं सभ्यतागत यात्रा को दिशा प्रदान की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story