आआपा विधायकों ने दवा घोटाले पर विधानसभा के बाहर किया प्रदर्शन, मांगा स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा
नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के विधायकों ने शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा के बाहर कथित 650 करोड़ के दवा घोटाले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार पर स्वास्थ्य क्षेत्र में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान आआपा विधायक संजीव झा ने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार लगातार घोटालों में लिप्त है और पूरे दिल्ली को लूट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 650 करोड़ का दवा घोटाला सामने आया है। संजीव झा ने कहा कि यह आरोप उनकी पार्टी नहीं बल्कि भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) की रिपोर्ट के आधार पर सामने आए हैं। इसके बावजूद अब तक किसी जिम्मेदार मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया है।
विधायक कुलदीप कुमार ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 650 करोड़ के कथित स्वास्थ घोटाले के खिलाफ पार्टी स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा मांग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की खरीद 3 से 5 गुना अधिक कीमत पर कर जनता के पैसे का दुरुपयोग किया।
विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि कथित दवा घोटाले की जानकारी अब सभी के सामने है और विधानसभा में भी इस मुद्दे को उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। आरोप लगाया कि लक्ष्मी योजना के नाम पर महिलाओं के साथ धोखा किया गया है। उन्होंने कहा कि योजना में इतनी शर्तें जोड़ दी गई हैं कि बड़ी संख्या में महिलाएं इसका लाभ नहीं उठा पाएंगी।
आआपा ने मांग की है कि कथित दवा घोटाले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

