दिल्ली में इस साल अब तक 179 दिन साफ हवा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में इस साल अब तक 179 दिन साफ हवा दर्ज


नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली में 1 जनवरी से 15 सितंबर के बीच 179 साफ हवा के दिन दर्ज किए गए हैं, जो शहर की वायु गुणवत्ता में महत्वपूर्ण सुधार को दर्शाता है। पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान दिल्ली में 172 स्वच्छ वायु दिवस दर्ज किए गए थे, जबकि 2016 में यह संख्या महज 94 दिन थी। 2016 में 94 दिनों से बढ़कर 2026 में 179 साफ हवा के दिन दर्ज होना 85 दिनों का सुधार दर्शाता है।

इस उपलब्धि पर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता में स्पष्ट और निरंतर सुधार देखने को मिल रहा है। वर्ष 2016 में केवल 94 स्वच्छ वायु दिवसों से बढ़कर इस वर्ष 179 दिन होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह दर्शाता है कि दिल्ली सरकार के निरंतर प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। दिल्लीवासियों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने के लिए हम इन प्रयासों को और मजबूत करते रहेंगे, ताकि हर मौसम के साथ दिल्ली की हवा और स्वच्छ हो।

उन्होंने कहा कि 15 सितंबर को दिल्ली का एक्यूआई 98 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। वायु प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों के विरुद्ध लगातार की जा रही कार्रवाई से वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है।

पर्यावरण विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 81 मैकेनाइज्ड रोड स्वीपर्स द्वारा लगभग 2,279 किलोमीटर सड़कों की सफाई की गई तथा लगभग 170 मीट्रिक टन सड़क की धूल एकत्र कर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के लिए भेजी गई। सरकार के प्रयासों में कचरा प्रबंधन और वाहनों से होने वाले प्रदूषण के विरुद्ध कार्रवाई भी शामिल है। पिछले 24 घंटों में लगभग 12,715 मीट्रिक टन कचरा निस्तारित किया गया और वाहनों से होने वाले प्रदूषण से संबंधित उल्लंघनों के लिए 4,976 चालान जारी किए गए। इसी अवधि में लगभग 2,113 मीट्रिक टन एसए&डी (निर्माण एवं मालवा) भी हटाया गया।

शहर के एकीकृत कचरा प्रबंधन प्रयासों के तहत भलस्वा, गाजीपुर और ओखला नगर निगम के ठोस कचरा डंपिंग स्थलों पर बायोमाइनिंग के माध्यम से लगभग 19,212 मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट (पुराने संचित कचरे) का प्रसंस्करण किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story