रेलवे पुलिस ने सुलझाई दो लाख की चोरी, दो गिरफ्तार
नई दिल्ली, 13 सितंबर (हि.स.)। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्री के बैग से दो लाख रुपये नकद और चांदी की अंगूठियां चोरी करने के मामले को रेलवे पुलिस ने सुलझाते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी की रकम में से 1.51 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस बाकी सामान और रकम बरामद करने के लिए पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना पुलिस को चोरी की शिकायत मिली थी। पीड़ित के बैग में दो लाख रुपये नकद, तीन चांदी की अंगूठियां, आधार कार्ड, राशन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज और कपड़े थे। शिकायत के आधार पर ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध चोरी के बैग को ले जाते हुए दिखाई दिया। उसकी पहचान अश्वनी कुमार (33) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर उसके साथी दिलीप राठौर (36) की भी पहचान की। दोनों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के एजी साइड स्थित टैक्सी स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान अश्वनी कुमार के पास से 88 हजार रुपये और दिलीप राठौर के पास से 63,500 रुपये बरामद हुए। कुल 1,51,500 रुपये पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि अश्वनी कुमार के खिलाफ उत्तर प्रदेश में लूट और चोरी समेत आठ मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर चोरी की बाकी रकम, चांदी की अंगूठियों और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है। रेलवे पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के लगातार विश्लेषण और पुलिस टीम की जांच के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने में सफलता मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

