तिलक नगर में स्कार्पियो सवार दो युवकों को गोली मारने के मामले में एक गिरफ्तार
नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर थाना इलाके में शनिवार तड़के स्कार्पियो कार में सवार दो लोगों को गोली मारने के मामले में एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।
घटनाक्रम के अनुसार बाइक सवार बदमाशों ने स्कार्पियो कार में सवार दो युवकों को शनिवार को गोली मारी थी। दोनों को एम्स में भर्ती कराया गया था। यह वारदात तिलक नगर गोल चक्कर के पास हुई थी। फायरिंग के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए थे। बाद में पता चला कि हड़बड़ी में हमलवारों की बाइक मौके पर छूट गई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले में अपराध शाखा की टीम ने एक आरोपित को हरियाणा के मुरथल से ट्रैप करके गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले का खुलासा होने के बाद इसकी विस्तृत जानकारी पुलिस द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिन दो युवकों को गोली लगी थी, उनकी पहचान दिग्विजय उर्फ़ साजन और विकास उर्फ विक्की के रूप में हुई थी। दोनों तिलक नगर इलाके के ही रहने वाले हैं और इनका प्रॉपर्टी का बिजनेस है। ये दोनों स्कॉर्पियो कार में सवार थे। तिलक नगर गोल चक्कर के पास बाइक सवारों ने इन्हें गोली मार दी थी। हालांकि कार में बैठा तीसरा साथी बाल-बाल बच गया था।
हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी/दधिबल
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।