हत्या के मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार 

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 10 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या के मामले में 25 साल से फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान हरियाणा निवासी अजय कुमार दहिया (59) के रूप में हुई है। आरोपित हरियाणा में 20 साल से भेष बदलकर रह रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। क्राइम ब्रांच के डीसीपी सतीश कुमार ने बताया कि आठ अगस्त 2000 को उत्तम नगर थाने में कष्णा सेठी नामक महिला ने अपने बेटे की गुमशुदगी और हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पीड़िता ने अपनी बहू सरोज के ऊपर आरोप लगाया कि उसका अवैध संबंध अजय दहिया के साथ है। उन्होंने दोनों पर हत्या का शक जाहिर किया। जांच के दौरान मृतक अश्वनी सेठी का शव हरियाणा के बिरधाना से बरामद हुआ। अश्वनी को गोली मारी गई थी। स्थानीय पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया। इधर मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई। क्राइम ब्रांच की टीम आरोपित की लंबे समय से तलाश कर रही थी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित हरियाणा में छुपा हुआ है। पुलिस टीम ने सूचना को पुख्ता कर आरोपित को दबोचा। आरोपित ने सोमपाल के नाम से फर्जी पहचान पत्र बना रखा था।

पूछताछ के दौरान अजय ने खुलासा किया कि वह सरोज से प्यार करता था। लेकिन उसका पति अश्वनी सेठी उनके बीच में आ रहा था। अश्वनी को ठिकाने लगाने के लिए दोनों ने मिलकर योजना बनाई। जिसके बाद अश्वनी को बहला-फुसलाकर अश्वनी को हरियाणा बुलाया और वहां उसे गोली मार दी। अपराध के बाद अजय और सरोज दिल्ली आए और यहां से हिमाचल प्रदेश चले गए।

यहां अजय ने मजदूरी का काम शुरू कर दिया। समय बीतने के साथ अजय को शराब की लत लग गई। जिसके कारण उसका सरोज से अक्सर झगड़ा होने लगा। झगड़े से परेशान होकर सरोज घर छोड़कर चली गई। जिसके बाद आरोपित अजय हिमाचल से हरियाणा के पंचकूला आ गया। यहां उसने सब्जियां बेचना शुरू कर दिया। यहां उसकी मुलाकात एक अन्य महिला से हुई। जिससे उसने शादी कर ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story