क्राइम ब्रांच ने 100 खोए-चोरी हुए मोबाइल मालिकों काे लौटाए

WhatsApp Channel Join Now
क्राइम ब्रांच ने 100 खोए-चोरी हुए मोबाइल मालिकों काे लौटाए


नई दिल्ली, 23 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नागरिक-हितैषी पहल के तहत 100 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटा दिए। मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखी। पुलिस अधिकारियों ने इसे टीमवर्क और तकनीकी ट्रैकिंग की बड़ी सफलता बताया।

पुलिस मुख्यालय से साेमवार काे मिली जानकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच के वेस्टर्न रेंज, एजीएस और सेंट्रल रेंज की संयुक्त कार्रवाई में यह उपलब्धि हासिल की गई। पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह और पुलिसउपायुक्त क्राइम-III हर्ष इंदोरा के पर्यवेक्षण में की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम के समन्वित और सतत प्रयासों की सराहना की। मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीकी सर्विलांस, आईएमईआई ट्रैकिंग, फील्ड वेरिफिकेशन और व्यवस्थित फॉलो-अप किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि आम लोगों के खोए मोबाइल लौटाना सिर्फ संपत्ति की वापसी नहीं, बल्कि पुलिस पर भरोसे को मजबूत करना भी है। क्राइम ब्रांच ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत दिल्ली पुलिस की ऑनलाइन सेवाओं और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि त्वरित ट्रैकिंग और बरामदगी संभव हो सके।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story