दो फर्जी जॉब-प्लेसमेंट कॉल सेंटर से 11 लोग गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
दो फर्जी जॉब-प्लेसमेंट कॉल सेंटर से 11 लोग गिरफ्तार


नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य जिले की साइबर थाना पुलिस ने शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास लाल रतन बिल्डिंग में चल रहे दो फर्जी जाॅब-प्लेसमेंट कॉल सेंटर पर छापा मारकर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक सेंटर से चार महिलाओं समेत छह और दूसरे से पांच पुरुष कर्मचारी पकड़े गए हैं। तलाशी के दौरान दोनों ठिकानों से कुल 13 कंप्यूटर सिस्टम और पांच मोबाइल, कंप्यूटरों में नौकरी चाहने वालों का डेटा समेत अन्य सामग्री बरामद हुई है। पुलिस इनसे पूछताछ कर पता लगा रही है कि यह गिरोह अब तक कितने लोगों के साथ ठगी कर चुका है।

मध्य जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपित आनलाइन जाब-सर्च और रिक्रूटमेंट प्लेटफार्म से नौकरी चाहने वालों का व्यक्तिगत डेटा और संपर्क नंबर हासिल करते थे। इसके बाद खुद को रिक्रूटर बताकर फोन करते और आकर्षक नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। भरोसा कायम होने पर अलग-अलग पैकेज के नाम पर 1200, 1400 और 3500 रुपये तक रजिस्ट्रेशन फीस मांगी जाती थी। रकम मिलने के बाद कुछ दिनों तक नौकरी और आगे की प्रक्रिया को लेकर उम्मीदवारों से संपर्क बनाए रखा जाता था। बाद में नौकरी दिए बिना संपर्क बंद कर दिया जाता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story