दिल्ली की पांच भाषा अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल का पुनर्गठन, मंत्री कपिल मिश्रा सभी के अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली की पांच भाषा अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल का पुनर्गठन, मंत्री कपिल मिश्रा सभी के अध्यक्ष


दिल्ली की पांच भाषा अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल का पुनर्गठन, मंत्री कपिल मिश्रा सभी के अध्यक्ष


नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग ने पांच प्रमुख भाषा अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल का पुनर्गठन किया है। यह पहल राजधानी की विविध भाषाई विरासत को संरक्षित करने और सांस्कृतिक गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।

कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा की स्वीकृति से किए गए इस पुनर्गठन के अंतर्गत हिंदी अकादमी, संस्कृत अकादमी, गढ़वाली, कुमाऊंनी एवं जौनसारी अकादमी, मैथिली-भोजपुरी अकादमी तथा पंजाबी अकादमी की गवर्निंग काउंसिल का नए सिरे से गठन किया गया है। मंत्री कपिल मिश्रा इन सभी पांचों अकादमियों के अध्यक्ष होंगे।

पांचों अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल में कुल 101 सदस्य शामिल किए गए हैं। इसका उद्देश्य अकादमियों के कामकाज में नई ऊर्जा, बेहतर प्रशासनिक समन्वय और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन सुनिश्चित करना है। अधिसूचना के अनुसार, पदेन सदस्यों को छोड़कर सभी मनोनीत सदस्यों का कार्यकाल जारी होने की तिथि से दो वर्ष का होगा।

अकादमीवार सदस्यों की संख्या एवं उपाध्यक्षों का विवरण इस प्रकार है:-

हिंदी अकादमी: कुल 20 सदस्य, जिनमें एक उपाध्यक्ष श्री अनिल अग्रवंशी, 15 मनोनीत सदस्य, दो पदेन सदस्य तथा सदस्य सचिव शामिल हैं।

संस्कृत अकादमी : कुल 18 सदस्य, जिनमें एक उपाध्यक्ष प्रो. यशवीर सिंह, 13 मनोनीत सदस्य, दो पदेन सदस्य तथा सदस्य सचिव शामिल हैं।

गढ़वाली, कुमाऊंनी एवं जौनसारी अकादमी : कुल 17 सदस्य, जिनमें एक उपाध्यक्ष डॉ. धीरज जोशी, 12 मनोनीत सदस्य, दो पदेन सदस्य तथा सदस्य सचिव शामिल हैं।

मैथिली-भोजपुरी अकादमी : कुल 22 सदस्य, जिनमें एक उपाध्यक्ष बिपिन बिहारी, 17 मनोनीत सदस्य, दो पदेन सदस्य तथा सदस्य सचिव शामिल हैं।

पंजाबी अकादमी : कुल 24 सदस्य, जिनमें एक उपाध्यक्ष सरदार इम्प्रीत सिंह बख्शी, 19 मनोनीत सदस्य, दो पदेन सदस्य तथा सदस्य सचिव शामिल हैं।

पांचों अकादमियों में दिल्ली सरकार के प्रधान सचिव (वित्त) एवं सचिव (कला, संस्कृति एवं भाषा) पदेन सदस्य होंगे, जबकि संबंधित अकादमियों के सचिव सदस्य सचिव के रूप में कार्य करेंगे।

कपिल मिश्रा ने कहा कि पुनर्गठित गवर्निंग काउंसिल में विद्वानों, विशेषज्ञों और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े अनुभवी लोगों को शामिल किया गया है। ये सभी मिलकर दिल्ली की विविध भाषाई विरासत के संरक्षण, संवर्धन एवं समृद्धि के लिए कार्य करेंगे। साथ ही अकादमियों की गतिविधियों और सांस्कृतिक पहुंच को जमीनी स्तर तक विस्तारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779484 Articles

Share this story