दिल्ली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जय किशन शर्मा समेत कई पूर्व निगम पार्षद भाजपा में शामिल

दिल्ली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जय किशन शर्मा समेत कई पूर्व निगम पार्षद भाजपा में शामिल
WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जय किशन शर्मा समेत कई पूर्व निगम पार्षद भाजपा में शामिल


नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। दिल्ली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जय किशन शर्मा, कई पूर्व निगम पार्षद एवं निगम चुनाव लड़े प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। पूर्व मंत्री रमेश पोखरियाल, दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा और भाजपा नेता अरविंदर सिंह लवली की उपस्थिति में सभी नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जय किशन शर्मा दो बार पार्षद एवं निगम में स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन रहे हैं।

इस मौके पर प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर एवं अन्य पार्टियों से भाजपा में शामिल होने वालों के लिए समिति की सह-प्रमुख आरती मेहरा मौजूद थीं। पूर्व निगम पार्षद प्रत्याशी कमल गौड़, पूर्व निगम पार्षद नीरज शर्मा, सुमेश कपूर, आनंद कुमार एवं राजेन्दर बागड़ी, पूर्व निगम प्रत्याशी विशाल चौधरी, राहुल माथुर, आलोक अग्रवाल, राजीव जैन, विनीत चौधरी, ब्रिजपाल, विनोद शर्मा, पूजा बागड़ी, एवं सुशीला दिलीप गुप्ता, दिल्ली कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि पुनीत शर्मा एवं मुनीम चौधरी, दिल्ली कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री राकेश चौधरी, एसेंबली प्रेसिडेंट आदित्य चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि अनिल शर्मा, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि आदित्य मिश्रा एवं जिला उपाध्यक्ष राकेश गिरी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए।

इस मौके पर रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि दिल्ली के अंदर जिस प्रकार भाजपा लगातार आगे बढ़ रही है, लोकसभा चुनाव में तो हम सातों सीटें जीतने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है, चाहे समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को शौचालय देने की बात हो या फिर चांद तक पहुंचने का इतिहास हो।

रमेश पोखरियाल ने कहा कि यह चुनाव आम चुनाव नहीं है, क्योंकि जैसे आपके एक वोट ने श्री राम मंदिर का निर्माण करवाया। हम दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं और तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते ही देश तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा।

वीरेन्द्र सचदेवा ने सभी गण्यमान्यों का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि पिछले 10 सालों में देश की एक नई तस्वीर निकलकर सबके सामने आई है और विश्व ने एक नए हिन्दुस्तान को देखा है और देश का कायाकल्प करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि दिल्ली के अंदर एक कुशासन की सरकार है, जिसे आने वाले समय में हम ना सिर्फ सबक सिखाएंगे बल्कि दिल्ली के अंदर सभी सातों सीटें जीतकर आगामी 2025 में विधानसभा चुनाव को भी जीतेंगे।

अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि दिल्ली में कभी ना होने वाला गठबंधन हुआ है, क्योंकि मुख्यमंत्री केजरीवाल का आधार ही था कांग्रेस के नेताओं को भ्रष्टचारी बताना और उन भ्रष्टाचारियों को जेल में डालने का डंका पीटकर केजरीवाल सत्ता में आए थे, लेकिन आज उन्हीं के साथ हाथ मिलाकर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई गठबंधन नहीं है, क्योंकि पंजाब में कुछ अलग रूप दिखाई देता है तो दिल्ली में कुछ अलग रूप।

हिन्दुस्थान समाचार/ विजयलक्ष्मी/दधिबल

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story