कांग्रेस ने दिल्ली की कानून व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने दिल्ली की कानून व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की


कांग्रेस ने दिल्ली की कानून व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की


नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि हर दिन हत्या, लूटमारी, किडनेपिंग, गैंगस्टर का बढ़ती घटनाओं, नशे के कारोबार और महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों के कारण दिल्ली में कानून व्यवस्था चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि दिल्ली में बढ़ते अपराधों को देखते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तुरंत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठक कर दिल्ली के हालात को सुधारने के लिए कोई ठोस कदम उठाएं।

देवेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली की गद्दी संभालते ही पिछले साल केंद्रीय गृहमंत्री से मुलाकात कर दिल्ली की कानून व्यवस्था को दुरस्त करने की बात कही थी, लेकिन अपराध कम होने की बजाय लगातार बढ़ रहे है, जिसको पुलिस आयुक्त भी स्वीकारते है जिसके कारण उन्होंने पुलिस कर्मियों की छुट्टियां तक रद्द करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 2026 में जनवरी, फरवरी और मार्च के 15 दिनों में दिल्ली से लगभग 800 लोग गायब हुए है, जिसमें से दो तिहाई महिलाएं और लड़किया है। बढ़ती गुमशुदा लोगों की संख्या पर उच्च न्यायालय ने भी चिंता व्यक्त की है, परंतु पुलिस इस संकट का हल निकालने में नाकाम हो रही है।

देवेंद्र यादव ने कहा कि हांलांकि मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत 2026-27 के दिल्ली बजट में सामाजिक कल्याण क्षेत्र के लिए कुल 10,537 करोड़ रुपये के आवंटन के साथ सामाजिक सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जिसमें महिलाओं और बाल विकास के लिए 7,406 करोड़ रुपये का समर्पित वित्त पोषण शामिल है, साथ ही अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण वित्त पोषण भी शामिल है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था और नशे पर लगाम लगाने में पूरी तरह फेल साबित हुई है और दिन प्रतिदिन बढ़ते अपराध और नशे की खुले आम बिक्री से दिल्ली के लोग खौफ के साए में जीवन जीने को मजबूर है।

देवेंद्र यादव ने कहा कि मार्च में उत्तम नगर में होली के दिन 26 वर्षीय तरुण कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। ईद के दिन भजनपुरा में एक युवक की चाकू मारकर हत्या, फरवरी, 2026 में रोहिणी जेल से रिहा युवक साहिल की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी, बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में 35 वर्षीय व्यवसायी की उसकी फेक्ट्री के बाहर हमलावरों ने गोली मारकर हत्या, और फरवरी में नंद नगरी में 35 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या जैसी जघन्य घटनाएं दर्शाती है कि दिल्ली में कानून व्यवस्था पूरी तरह तरह चरमरा चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story