बरसात के दौरान जलभराव रोकने के लिए नालों की नियमित सफाई एवं समयबद्ध डी-सिल्टिंग सुनिश्चित की जाए : निगमायुक्त
नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। निगमायुक्त संजीव खिरवार ने मंगलवार को शाहदरा नॉर्थ जोन के भजनपुरा ड्रेन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा भी मौजूद रही।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम में जलभराव एवं ड्रेन के ओवरफ्लो से बचाव के लिए नालों की नियमित सफाई, समयबद्ध डी-सिल्टिंग तथा कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्थानीय निवासियों, आरडब्ल्यूए, जनप्रतिनिधियों एवं आईईसी गतिविधियों के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि नालों में कूड़ा फेंकने से जल निकासी बाधित होती है। उन्होंने चेतावनी दी कि जागरूकता के बावजूद ऐसा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि ड्रेन के जिन हिस्सों में अधिक कूड़ा डाला जाता है, वहां आवश्यकतानुसार डस्टबिन लगाए जाएं तथा डी-सिल्टिंग के दौरान निकाले गए सिल्ट एवं कचरे को यथाशीघ्र उठाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने 5.5 मीटर चौड़ी ड्रेन में प्रत्येक कल्वर्ट से पहले जाल तथा जिन स्थानों पर डी-सिल्टिंग संभव नहीं है, उसे जाल से कवर करने की संभावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि कूड़ा नालों में जाने से रोका जा सके और जल प्रवाह सुचारु बना रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निगमायुक्त को ड्रेन की सफाई, डी-सिल्टिंग, सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण तथा मानसून की तैयारियों की जानकारी दी। निगमायुक्त ने सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत उन्होंनेे गौतमपुरी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने एमसीडी पार्किंग में लंबे समय से खड़े डंप एवं अनुपयोगी वाहनों को हटाने का विषय उठाया। इस पर निगमायुक्त ने नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर वाहनों को हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने न्यू उस्मानपुर स्थित एनेमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर का भी निरीक्षण किया, जहां केंद्र का संचालन संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सत्या शर्मा ने वार्ड में स्थित एमसीडी के जर्जर एवं लंबे समय से खाली पड़े फ्लैटों के समुचित उपयोग का विषय उठाते हुए बताया कि वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं।
निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार कर इन परिसरों के बेहतर उपयोग की संभावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके पश्चात सीलमपुर स्थित निगम विद्यालय का दौरा किया।
इस अवसर पर पार्षद पंकज लूथरा, रेखा रानी, शाहदरा नॉर्थ ज़ोन की उपायुक्त ममता यादव तथा नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

