दिल्ली सरकार ने कमर्शियल एलपीजी आपूर्ति का आवंटन 70 फीसद तक बढ़ाया : सिरसा

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली सरकार ने कमर्शियल एलपीजी आपूर्ति का आवंटन 70 फीसद तक बढ़ाया : सिरसा


नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद दिल्ली सरकार ने कमर्शियल एलपीजी आवंटन में संशोधन करते हुए गुरुवार के 50 फीसद फैसले के अतिरिक्त 20 फीसद की बढ़ोतरी की है। इससे अब कुल आपूर्ति पहले के स्तर के 70 फीसद तक पहुंच गई है (प्रतिदिन 19 किलो के 6,300 सिलेंडर, जबकि सामान्यतः 9,000 सिलेंडर की खपत होती है)।

खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, फूड प्रोसेसिंग, डेयरी और मजदूरों व छात्रों के लिए 5 किलो सिलेंडर की पर्याप्त व्यवस्था करने के बाद, श्रम आधारित उद्योगों जैसे स्टील, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल (ड्राई क्लीनिंग सहित), केमिकल, प्लास्टिक, स्पोर्ट्स फैसिलिटी, ग्लास और फार्मा यूनिट्स, के लिए आपूर्ति बढ़ाकर 1,800 सिलेंडर कर दी गई है।

संशोधित आवंटन में अलग-अलग सेक्टर को इस प्रकार हिस्सा दिया गया है। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, फूड प्रोसेसिंग और डेयरी (3,375 सिलेंडर); उद्योग (1,800); आवश्यक सेवाएं जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, रेलवे, एयरपोर्ट और बस सेवा (225); कैटरर/बैंक्वेट (225); सरकारी संस्थान, ट्रस्ट, पीएसयू और कम्युनिटी किचन (225); स्पोर्ट्स फैसिलिटी/स्टेडियम (270); तथा प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो सिलेंडर (180)।

सिरसा ने कहा कि दिल्ली के उद्योग और खाने-पीने से जुड़े व्यवसाय अब बिना किसी रुकावट के काम कर सकते हैं। 70 फीसद आपूर्ति तक पहुंचना केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय का परिणाम है। लगातार निगरानी में यह पाया गया है कि कहीं भी जमाखोरी या पैनिक की स्थिति नहीं है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के आंकड़ों के अनुसार बुकिंग सामान्य तरीके से हो रही है।

सिरसा ने कहा कि यह फैसला पिछले 50 फीसद आपूर्ति बढ़ाने के बाद लिया गया है, जिसमें आवश्यक सेवाओं को पूरी आपूर्ति दी गई थी और प्राथमिकता के आधार पर बुकिंग की व्यवस्था लागू की गई थी। दिल्ली सरकार निष्पक्ष वितरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बुकिंग करने और जहां संभव हो, पीएनजी के लिए आवेदन करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story