मुख्यमंत्री 'अपना घर आश्रम' के 12वें वार्षिकोत्सव हुई शामिल
नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज बूढ़पुर स्थित 'अपना घर आश्रम' के 12वें वार्षिकोत्सव तथा संस्था के रजत जयंती समारोह में सम्मिलित हुई।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पिछले 26 वर्षों से यह संस्थान बेसहारा, निराश्रित और अस्वस्थ लोगों की निस्वार्थ भाव से सेवा कर रहा है। वर्तमान में इसके 70 से अधिक केंद्र भारत में संचालित हैं और विदेशों में भी इसकी सेवाएं निरंतर विस्तारित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के 'अंत्योदय' के दर्शन को ध्येय मानते हुए हमारी सरकार भी दिल्ली के प्रत्येक जरूरतमंद तक सम्मान, सुरक्षा और सहायता पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम जाजू , सांसद योगेंद्र चंदोलिया, विधायक राजकरण खत्री तथा संस्था से जुड़े कई लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

